झालावाड़

अतिक्रमियों को 3 दिन का अल्टीमेटम, फिर होगी सख्ती

एसडीएम ने किया मौका मुआयना
2 min read
patrika
एसडीएम ने किया मौका मुआयना

खानपुर. उपखंड अधिकारी भागीरथराम चौधरी ने गुरुवार देर शाम कस्बे के आबादी भूमि में स्थित नालों पर हो रहे अतिक्रमण का मौका-मुआयना कर ३ दिन अल्टीमेटम दिया।
उपखंड अधिकारी के साथ उपसरपंच सुधीर पार्थ, थानाधिकारी महेन्द्र मारू, पंचायत सचिव मोरसिंह मीणा सहित पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अतिक्रमियों को निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन द्वारा सख्ती की जाएगी। पंचायत द्वारा नालों पर १० अतिक्रमियों को चिह्नित कर कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ ही पंचायत द्वारा बहुमंजिला इमारतों व दुकानों को तोडऩे के लिए प्रशासन से कई बार अधिकारी व जाब्ते की मांग की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा सहयोग नहीं करने से अतिक्रमण नहीं हट पा रहे हैं। सरपंच ललित राठौर ने बताया कि अतिक्रमियों को नोटिस देकर मकानों व दुकानों को पंचायत द्वारा खाली करा लिया है, लेकिन कलक्टर व प्रशासन द्वारा अब तक अधिकारी व जाब्ता उपलब्ध नहीं कराया गया है। बिना अतिक्रमण हटाए ड्रेनेज सिस्टम का काम करना संभव नहीं है।
--दुकानदार खुद की कर रहे नालों का ढकान
कस्बे में समार्ट सिटी के नाम पर दुकानों के आगे नालों के तोड़े ढकानों के ४ माह बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर कई दुकानदार खुद ही नालों को दुरूस्त करने में जुट गए हैं। दुकानदार गोरधनसिंह शक्तावत ने बताया कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने के नाम पर ढकान को हटाकर नालों को तोड़कर चले गया। दुकान में प्रवेश करने का रास्ता नहीं होने से कारोबार ठप होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

-७ माह बाद भी नहीं हटाया मलवा
झालरापाटन. गंाव नयापुरा झूमकी के नागरिको ने कलक्टर को ज्ञापन देकर अतिक्रमी द्वारा राजस्व की भूमि से अतिक्रमण का मलवा नहीं हटाने की शिकायत की। खसरा नंबर ४४० की भूमि खेल मैदान के लिए आरक्षित है। इस जमीन पर गंाव के आधा दर्जन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। तहसीलदार के निर्देश पर नायब तहसीलदार भारत सिंह ने ७ फरवरी २०१८ को यहां से अतिक्रमण तोड़ कर अतिक्रमी को १० दिन में मलवा हटाने के लिए पांबद किया था, लेकिन ७ माह बाद अभी तक मलवा नहीं हटाया। इससे भूमि का वास्तविक उपयोग नहीं हो पा रहा है।
-नेहरावद में बढ़ा अतिक्रमण
भवानीमंडी. भीलवाड़ी पंचायत के नेहरावद गांव के ग्रामीणों ने रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण फूलचंद, रामेश्वर गुर्जर, द्वारकी लाल, हरीसिंह गुर्जर व भगवान सिंह ने ज्ञापन में बताया की नेहरावद से भगवानपुरा गांव तक रास्ते पर अतिक्रमण से रास्ता बंद हो गया। कई बार ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमी को समझाने के बाद भी अतिक्रमण नही हटाया। इससे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है।
-ताई खेड़ा में रास्ता जाम पर कब्जा
पचपहाड़. ग्राम पंचायत गुढ़ा का गांव ताई का खेड़ा में लोगों के अतिक्रमण से आम रास्ता नाली में तब्दील हो गया है। प्रताप सिंह, गोपाल सिंह, शंकर सिंह, गब सिंह, विजय सिंह, भारत सिंह आदि ने उपखण्ड अधिकारी, कलक्टर के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि रास्ते में गोबर-कचरा आदि मलबे की रोड़ी होने से रास्ता जाम हो गया। इस रास्ते से आधा दर्जन परिवारों का खेतों पर आना-जाना होता है, लेकिन अब दूसरे लोगों के खेत की मेड़ पर निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं सरपंच पति मनोहर सिंह ने बताया कि समस्या का समाधान एक माह में हो जाएगा। पंचायत ने रास्ता पक्का बनाने का प्रस्ताव ले रखा है।

Updated on:
28 Sept 2018 09:50 pm
Published on:
28 Sept 2018 09:50 pm