- भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दूसरे दिन भी किया दौरा
झालरापाटन. भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक वसुंधरा राजे ने प्रदेश में चल रहे बिजली संकट पर गहलोत सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का राज है इसलिए मच्छर तो काटेंगे ही। पूरा प्रदेश बिजली की समस्या को लेकर परेशान है। राजे ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र के तीतरवासा, तीतरी, श्यामपुरा, देवनगर, बावड़ीखेड़ा सहित एक दर्जन गांव में सरवन जनसंपर्क कर लोगों की जनसुनवाई की।
उन्होंने कहा कि जिले के लोग रात को उन्हें और सांसद दुष्यंत सिंह को फोन करते हैं और कहते हैं हमारे गांव में बिजली नहीं आ रही, मच्छर काट रहे हैं। पूरे प्रदेश में बिजली की जबरदस्त समस्या है। दो बिजली की अघोषित कटौती से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हम रात को फोन इसलिए उठाते हैं कि किसी को कोई जरूरी मदद की जरूरत तो नहीं है, पर कई बार फोन पर बिजली के अभाव में मच्छरों की समस्याएं भी सुनने को मिलती है। यही लोकतंत्र है। यदि आप सच्चे मायने में जनप्रतिनिधि हैं तो आपको हर पल लोगों के दुख-दर्द सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए। हमेशा फोन ऑन रखना चाहिए। भाजपा के जनप्रतिनिधियों की यही खासियत है कि वह लोगों की सेवा के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि जितना लोगों की सुनोगे चुनाव में लोग आपकी उतनी ही सुनेंगे।
बूथ कार्यकर्ता ही हमारे असली बॉस
वसुंधरा राजे ने कहा कि बूथ कार्यकर्ता ही हमारे असली बॉस हैं, यह नहीं हो तो हम कुछ भी नहीं। यही हमारी जीत के लिए प्रयास करते हैं। बूथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम और क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से ही हम चुनाव जीते हैं। यदि बूथ मजबूत है तो हम सब मजबूत है इसीलिए बूथ का मजबूत होना आवश्यक है। यह भी थे मौजूद। राजे के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री कृष्ण पाटीदार, श्याम सुंदर शर्मा, संगठन प्रभारी छगन माहुर, विधायक नरेंद्र नागर, गोविंद रानी पुरिया, कालू लाल मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष संजय जैन, भाजपा नेता दिनेश करावन भी मौजूद थे।