- राजस्थान पत्रिका के सर्वे पर बेबाक रखे लोगों ने विचार
झालावाड़.राज्य में फिर चुनाव का बिगुल बजने की तैयारी है। लोग आगामी सरकार चुनने के लिए अपना मूड बनाने लगे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व 'राजस्थान पत्रिका ने सरकारए विपक्ष, विधायक एवं सरकार पर भाजपा की पकड़, मौजूदा सरकार के कामकाज से खुश या ना खुश, राजस्थान में तीसरे मोर्चे की जरूरत आदि विषयों पर जनता की राय जानी। सर्वे में जिले के 60 फीसदी से ज्यादा लोगों ने सरकार के कामकाज पर ना खुशी जाहिर की तो इतने ही लोग अपने वर्तमान विधायक से भी असंतुष्ट नजर आए। लगभग 57 फीसदी से ज्यादा लोग विपक्ष की भूमिका से भी संतुष्ट नहीं दिखे।
झालावाड़ जिले की 4 विधानसभा क्षेत्रों में जनता की राय कमोबेश समान ही दिखी। सर्वे में ५५ प्रतिशत लोग वर्तमान विधायकों के कामकाज से खुश नजर नहीं आए। ज्यादातर लोग अपने विधायकों को फिर मौका देने को भी तैयार नहीं दिखे। लोगों की राय थी कि इस बार उनके क्षेत्र से कोई नया चेहरा विधायक चुना जाए।
सरकार के कामकाज से भी खुश नहीं-
राज्य सरकार का चार साल का कार्यकाल बीत गया,लेकिन करीब 60 फीसदी लोग सरकार के कामकाज से खुश नहीं दिखे। वहीं करीब ६३ फीसदी लोगों का मानना था कि सरकार पर भाजपा का पूरा नियंत्रण नहीं रहा। यही कारण है कि ज्यादातर लोग भाजपा को पुन: सरकार बनाने का अवसर देने को तैयार नहीं है।
कांग्रेस भी नहीं निभा पाई विपक्ष की भूमिका-
जिले में सर्वे में सरकार के कामकाज से असंतुष्ट लोगों के साथ ही कांग्रेस की ओर से विपक्ष की भूमिका अपेक्षा अनुसार नहीं निभा पाने की राय रखने वालों की संख्या भी आधी से ज्यादा है। लगभग 70 फीसदी लोगों की नजर में कांग्रेस विपक्ष की अनुकूल भूमिका नहीं निभा पाई। ऐसे में कांग्रेस को पुन: सरकार बनाने का मौका देने वालों की संख्या करीब 50 प्रतिशत रही। गैर राजनीतिक व्यक्तियों को आगे आने की जरूरत बताने वाले लोगों की संख्या करीब 65 प्रतिशत रही
सर्वे के बाद ऐसे ऐसे व्यक्त की लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया-
1. जिले में हर क्षेत्र में बहुत विकास हुआ है, हर विधानसभा में एक-एक कॉलेज व कई रोड बनाए गए है। झालावाड़ में मेडिकल कॉलेज खोला गया है। हम पुरी तरह से आश्वस्त है कि राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनेंगी। १२५ विधायक की कमजोर स्थिति जैसी कोई बात नहीं है। हम १८० से अधिक सीटें लाएंगे। मुख्यमंत्री सहित सभी विधायक सुख-दु:ख में जिले की जनता के बीच रहे हैं।
संजय जैन, जिलाध्यक्ष भाजपा।
2.सरकार जनता से किए वादे पूरे नहीं कर पाई है। किसान, व्यापारी, मजदूर सभी परेशान है। सरकार ने १५ लाख लोगों को रोजगार का वादा किया था। लेकिन वह भी पूरा नहीं कर पाई है। किसानों का कर्ज माफ करने की बात हुई थी, लेकिन अभी तक नहीं हुआ। कांग्रेस हर मौके पर प्रदेश की जनता के साथ रही है, आगे भी रहेगी।
रघुराजसिंह हाड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष, कांगे्रस।
3.प्रदेश में दो दल विशेष रूप से सक्रिय रहे है। तीसरे दल की अभी आवश्यकता नहीं है। फिर भी जनता के ऊपर है जरुरत पड़ी तो बन भी सकता है। भाजपा को १६३ सीटे मिले हैं। लेकिन सरकार का इस पर नियंत्रण नहीं रहा है। सरकार का खेल से मोहभंग हो रहा है। अन्य राज्यों की अपेक्षा राजस्थान में खेलों की ओर सरकार का ध्यान नहीं है। खिलाडिय़ों के लिए ३ फीसदी कोटा तय किया है। उसको पाने के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
दिनेश सक्सेना, ओलम्पिक संघ अध्यक्ष,झालावाड़
4. वसुन्धरा सरकार ने यहां जो न्यायालय की बिल्डिंग बनाई वहीं है। और कोई नए चैंबर नहीं बनाए गए है। न्यायालय में अधिकारियों के कई पद रिक्त है, इस ओर कोई ध्यान नहीं है। जो सरकार अच्छा काम करेगी आने वाले समय में जनता इसका फैसला करेगी। न्याय पालिका के क्षेत्र में झालावाड़ में बहुत काम हुआ है।
मुकेश जैन, अध्यक्ष बार एसोसिएशन, झालावाड़।
5. किसान मजूदर व आमजन के लिए बेहतर योजनाए बनाई है। भामाशाह सहित किसानों के लिए ५० हजार का ऋण माफ किया गया है। जिले में सड़के सहित कई काम हुए है। जो इसी सरकार के कार्यकाल में हुए है। आमजन इससे खुश है।
संजय वर्मा, जिला महामंत्री,भाजपा।
6के नाम बदल कर अटल सेवा केन्द्र कर दिए है। राशन कार्ड बनाने के लिए एनओसी लेने सहित कई ऐसी शर्ते जोड़ दी है। इससे आमजन बुरी तरह से परेशानी है। आमजन से सरकार बदलने का मन बना लिया है।
अमरीन कुरैशी, पार्षद, झालावाड़।
7.सरकार से आमजन खुश नहीं है। क्योंकि सरकार बेटी-बचाओं, बेटी पढ़ाओं की बात कर रही है। लेकिन जिले में बेटियां ही सुरक्षित नहीं है। स्वच्छता अभियान चलाया गया है इसके बाद भी शहर में हर जगह गंदगी फैल रही है।
नगमा, सामाजिक कार्यकर्ता, झालावाड़।
8.लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्श्न दे दिए, अब राशन भी नहीं मिल रहा, कैरोसिन भी नहीं मिल रहा गरीब परेशान है। सरकार को बदलने के मूड में नजर आ रहा है। ५४ फीसदी लोगों ने कहा कि विधायक उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा सही कहा है।
विष्णुदयाल रैगर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी,झालावाड़
9.सरकार प्रकृति को साथ लेकर काम कर रही है। जगह-जगह एमजेएस के तहत तालाब बनवाए जा रहे हैं। सरकार जनता की उम्मीद पर काम कर रही है। जल संकट बहुत बड़ा संकट होता है। इस दिशा में बहुत काम हो रहा है।
दुर्गेश कुमार, पर्यावरण प्रेमी।
10 .सरकार पूरी तरह से आम जन की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। अभी हाल में अजमेर , मांडलगढ़ ,अलवर चुनाव में भाजपा सरकार को जनता ने नकार दिया है। सरकार अपने ही मंत्रियों पर नियंत्रण नहीं रख पाई है। कानून व्यवस्था फैल है, मंत्री ही काम करने के लिए स्वतंत्र नहीं है।
मो. शफीक खान, प्रवक्ता कांग्रेस पार्टी,झालावाड़।