झालावाड़ होमगार्ड विभाग अब पुरानी जेल भवन में संचालित होगा
झालावाड़. कई सालों से वीरान पड़ी पुरानी जेल में फिर हलचल होने वाली है। अब पुरानी जेल की कमान होमगार्ड संभालेंगे। इसकी तैयारी हो गई है। हाल में जिला कलक्टर ने होमगार्ड विभाग को पुरानी जेल की जमीन आवंटित कर दी है। होमगार्ड कमांडेट सीमा शर्मा लगातार होमगार्ड कार्यालय के लिए जमीन की तलाश कर रही थी। उन्होंने जिला कलक्टर से सम्पर्क कर होमगार्ड कार्यालय के लिए जमीन आवंटन करने का आग्रह किया। जिला कलक्टर ने सकारात्मक सोच के साथ होमगार्ड कार्यालय के लिए पुरानी जेल की जमीन आवंटित कर दी है। यहां होमगार्ड के जवानों के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के लिए जमीन पर्याप्त और उपयुक्त है। जमीन आवंटन होने के बाद होमगार्ड विभाग ने अपने कब्जे में ले ली और विलायती बंबूल और झाडिय़ों को हटाकर सफाई कर दी है।होमगार्ड विभाग ने जमीन का कब्जा लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग से भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार करवा लिया है। यह प्रस्ताव होमगार्ड मुख्यालय को भेज दिए गए हैं। बजट की स्वीकृति आते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। रोडवेज बस स्टैण्ड के पास पुरानी जेल थी। आबादी के बीच होने से करीब एक दशक पहले शहर से नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास नया जेल भवन बनाया। वहां जेल को शिफ्ट कर दिया। इसके बाद से पुरानी जेल भवन वीरान था। जेल भवन के दरवाजे-खिड़कियां स्मैची ले गए थे। यहां हमेशा समाजकंटकों का जमावड़ा लगा रहा था। यह भवन कोई काम नहीं आ रहा था। होमगार्ड सीमा शर्मा का कहना है कि जिला कलक्टर ने सकारात्मकता के साथ होमगार्ड विभाग को पुरानी जेल की जमीन आवंटित कर दी है। हमने कब्जा लेकर साफ-सफाई करवा दी है। पीडब्ल्यूडी से तकमीना बनाकर मुख्यालय भिजवा दिया है। मुख्यालय से बजट स्वीकृति के लिए सतत प्रयासरत है।