जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग में अब पेपरलेस काम होगा। शीघ्र ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। इनका वितरण जल्द ही सीडीपीओ के माध्यम से करवाया जाएगा।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
झालावाड़. जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग में अब पेपरलेस काम होगा। शीघ्र ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। जिले में 1692 स्मार्टफोन आ चुके हैं, इसमें से करीब 1500 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा 28 महिला सुपरवाइजर को भी दिए जाएंगे।
गतिविधियों पर नजर
स्मार्ट फोन में छोटे बच्चों की संख्या, गर्भवती तथा धात्री महिलाओं की संख्या आदि का रेकॉर्ड रखा जाएगा। इनका वितरण जल्द ही सीडीपीओ के माध्यम से करवाया जाएगा। एप के माध्यम से जिलास्तर से लेकर जयपुर बैठे अधिकारी भी सीधे जुडे़ंगे।
इसलिए दिए जा रहे
जिले की छह परियोजनाओं में लगभग 1500 से ज्यादा आंगनबाड़ी केंद्र हैं। जिनकी कार्यकर्ताओं को रजिस्टर या कागज से छुटकारा दिलाने के साथ सरकार की हर गतिविधियों को पेपरलेस बनाने के लिए विभागीय तौर पर हर आंगनबाड़ी केंद्र को स्मार्टफोन दिए गए हैं। इसमें केन्द्र के खुलने व बंद होने का समय, उपस्थिति बच्चों की संख्या, पूरक पोषाहार प्राप्त बच्चों की संख्या, फोटो सहित कई तरह की जानकारी विभागीय एप के माध्यम से अपलोड की जाएगी। अच्छा काम करने वाली कार्यकर्ताओं को विभाग द्वारा निर्धारित इन्सेंटिव भी दिया जाएगा।
यह होगा दर्ज
कार्यकर्ताओं को मोबाइल में एक एप पर मासिक जानकारी, पोषण ट्रेकर एप पर बच्चे की संख्या, बच्चों का वजन, टीकाकरण, महिलाओं में गर्भवती एवं धात्रियों का वजन, हर तरह के अभियान एवं दवाएं, कमजोर बच्चों की जानकारी का लेखा जोखा भरना रहेगा।
कार्यकर्ता को देंगे प्रशिक्षण
सूत्रों ने बताया कि जिले में करीब 1500 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जल्द मोबाइल एप के माध्यम से कैसे काम करना है। इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा, इसके बाद सारी रिपोर्ट स्मार्टफोन में इंस्टाल मोबाइल एप के माध्यम से भेजनी होगी। इस मोबाइल को अन्य काम में नहीं लिया जा सकेगा।
फैक्ट फाइल
जिले में कुल संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र - 1510
जिले में कुल लाभार्थी - 129361
जिले में गर्भवती महिलाएं -12899
जिले में 0-6 माह तक के बच्चों की संख्या - 5620
जिले में धात्री महिलाओं की संख्या - 7795
जिले में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की संख्या - 48504
जिले में 6 से 3 माह तक के बच्चों की संख्या - 54543
जिले में सरकार की ओर से पोषण ट्रेकर एप के माध्यम से अब आंगनबाड़ी केन्द्रों की मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए जिले में 1692 स्मार्टफोन आ चुके हैं, अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में सीडीपीओ के माध्यम से वितरण किया जाएगा।
महेश चन्द गुप्ता, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग, झालावाड़