झालावाड़

Heavy Rain: झालावाड़ में मूसलाधार बारिश, स्कूलों में भर गया पानी, उफान पर आई नदी, बांध के खोले गेट, जलमग्न हुआ मंदिर

Rajasthan Weather: झालावाड़ में सोमवार को मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया और स्कूलों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज बारिश के बाद नदियां-नाले उफान पर हैं वहीं बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।
3 min read
jhalwar weather
झालावाड़ की बारिश का फोटो: पत्रिका

Jhalwar Weather Update: झालावाड़ जिले में सोमवार को मानसून ने जोरदार रूप दिखाया। झालरापाटन, मनोहर थाना, सुनेल, रायपुर सहित कई इलाकों में सुबह से तेज बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए और कई जगह सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं स्कूलों में पानी भरने के बाद कुछ स्थानों पर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

स्कूल में भरा पानी और बच्चों को रेस्क्यू करते लोग (फोटो: पत्रिका)

रायपुर तहसील क्षेत्र के कचराखेड़ी गांव में जोरदार बारिश के बाद राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में पानी भर गया। पानी बढ़ने से स्कूल टापू जैसा नजर आने लगा। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस जाब्ता और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

तेज बारिश का फोटो: पत्रिका

वहीं झालावाड़ के खेजरपुर गांव में भी लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। चारों तरफ नदी-नालों में तेज बहाव होने से गांव का संपर्क दूसरे इलाकों से कट गया। गांव से बाहर जाने वाले रास्ते बंद हो गए। कई ग्रामीण खेतों में फंस गए और कुछ स्टूडेंट्स भी पानी बढ़ने के कारण अपने घर नहीं लौट सके।

उफान पर आई नदी (फोटो: पत्रिका)

मनोहर थाना क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते परवन नदी उफान पर आ गई। थानेश्वर महादेव मंदिर परिसर भी पानी में डूब गया। नदी और नालों में पानी का बहाव तेज होने के कारण पुलियाओं पर कई फीट पानी बहने की जानकारी सामने आई है। लोगों से पानी के तेज बहाव वाले रास्तों पर नहीं जाने की अपील की है।

जलमग्न हुआ थानेश्वर महादेव मंदिर (फोटो: पत्रिका)

इधर कालीखाड़ नदी में भी तेज पानी की आवक हुई। बारिश के कारण कालीखाड़ बांध लबालब हो गया और इस मानसून में पहली बार बांध पर करीब 10 इंच पानी की चादर चलने लगी। बांध छलकने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण इसे देखने के लिए पहुंचने लगे। उधर कालीसिंध बांध के कैचमेंट क्षेत्र में हुई बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर को देखते हुए बांध के 7 गेट खोलकर कुल 28 मीटर ओपनिंग से करीब 1.11 लाख क्यूसेक पानी की निकासी की जाएगी। कोटा-इंदौर मार्ग पर सौयतकला के पास सड़क पर पानी आने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

कालीखाड़ बांध (फोटो: पत्रिका)

वहीं झालावाड़ के छापी बांध के कैचमेंट एरिया में भी पानी की आवक जारी है। जिससे बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण बांध के 12 गेट खोल कर 80764 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। रामद्वारा मार्ग पर बरसाती नाले में पानी के तेज बहाव के कारण एक बाइक भी बह गई। मानसून में झालावाड़ में हुई इस बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

Updated on:
10 Aug 2026 03:17 pm
Published on:
10 Aug 2026 01:44 pm