13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

झालावाड़ ACB की बड़ी कार्रवाई: सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार का कार्यवाहक महाप्रबंधक 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

झालावाड़ में ACB ने सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने बकाया भुगतान के बदले 10 प्रतिशत कमीशन मांगा था।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

झालावाड़

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 13 Nov 2026, 5:37 PM IST

jhalawar acb arrests cooperative wholesale store acting general manager

कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा (पत्रिका फोटो)

Jhalawar ACB News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने झालावाड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारी समितियों के निरीक्षक और झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दवा सप्लाई के बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।

15.32 लाख रुपए का भुगतान था बकाया

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी झालावाड़ में 12 नवंबर 2026 को परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी फर्म गुरुकृपा मेडिकोज, झालरापाटन की ओर से झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता भंडार में दवाइयों की सप्लाई की गई थी। इसके करीब 15.32 लाख रुपए का भुगतान बकाया था। परिवादी के अनुसार, बकाया भुगतान में से 9.19 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मस्तराम मीणा रिश्वत की मांग कर रहे थे।

बकाया भुगतान का 10 प्रतिशत मांगा

शिकायत के आधार पर एसीबी ने 12 नवंबर को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी की ओर से बकाया भुगतान की राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगने की पुष्टि हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर दिया और शेष 4.19 लाख रुपए का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया। आरोपी ने परिवादी से 25 हजार रुपए अगले दिन देने और शेष रिश्वत राशि चेक पास होने के बाद देने पर सहमति जताई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर संबंधित बैंक के नाम पत्र सहित परिवादी को सौंप दिया।

15 हजार रुपए लेते ही ACB ने दबोचा

13 नवंबर को परिवादी ने 15 हजार रुपए की रिश्वत राशि की व्यवस्था की। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने आरोपी मस्तराम मीणा को परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में दर्ज होगा मामला

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई जारी है। एसीबी की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।

ACB ने आमजन से की अपील

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि किसी व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिलने पर तथ्यों और मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीधे एसीबी से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। दोषसिद्धि से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्पष्टीकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। साथ ही, एसीबी के नाम पर किसी के भय या दबाव में आकर धोखाधड़ी का शिकार नहीं होने की सलाह दी गई है।

महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। एसीबी वैध कार्य करवाने में भी आमजन की मदद करेगी।