झालावाड़

चंद्रभागा कार्तिक मेले में छोटू सिंह रावणा की भजन संध्या, देर रात तक भक्ति में झूमते रहे श्रोता

झालरापाटन. जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मोक्षदायिनी चंद्रभागा नदी के तट पर चंद्रभागा कार्तिक मेला रंगमंच पर बुधवार रात पूरी तरह भक्तिमय और संगीतमय माहौल में डूबी रही। देर…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:54 PM IST
चंद्रभागा कार्तिक मेले में छोटू सिंह रावणा की भजन संध्या, देर रात तक भक्ति में झूमते रहे श्रोता

झालरापाटन. जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मोक्षदायिनी चंद्रभागा नदी के तट पर चंद्रभागा कार्तिक मेला रंगमंच पर बुधवार रात पूरी तरह भक्तिमय और संगीतमय माहौल में डूबी रही। देर रात तक चली भजन संध्या में श्रोता डटे रहे।

राजस्थान गढ़ कोटड़ा बाड़मेर के प्रसिद्ध एवं लोकप्रिय भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने अपनी सुरीली आवाज से भगवान राम और श्याम बाबा के भजनों से समां बांध दिया, जैसे ही मंच पर उनके चाहने वालों की नजर पड़ी, पूरा पंडाल तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट और जय श्री राम व जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

हारे के सहारे और लोकप्रिय भजनों पर झूम उठे श्रोता

मंच संभालते ही छोटू सिंह रावणा ने अपनी जादुई और ठेठ राजस्थानी अंदाज वाली मधुर आवाज में नगरी हो अयोध्या सी रघुकुल सा घराना हो चरण हो राघव के जहां मेरा ठिकाना हो भजन से शुरुआत करते हुए एक के बाद एक कई शानदार भजन प्रस्तुत करने शुरू किए। उन्होंने जब अपना सबसे मशहूर और चर्चित भजन हारे के सहारे मेरी लाज बचाओ ना.. गाना शुरू किया तो देखते ही देखते श्रोता भक्ति के सागर में गोता लगाने लगे। भजनों की इन लाइनों पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक सभी झूम उठे और तालियों की थाप से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने माहौल को और अधिक ऊर्जावान बनाते हुए अपने अंनूठे अंदाज में स्वर गूंजाए अरे अरे अरे अरे ओ हो ओ मुश्किलें भी.. छोटू की विपदा को बाबा, भक्तों की विपदा को बाबा, आग लगाओ.. संगत करो निर्मल संत री म्हारी हेली, तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना मुश्किल में है दास तेरा अब जल्दी आओ ना, मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे राम आएंगे, गायां रो ग्वालो म्हारों सेठ रुखालों, मेरे नाथ केदारनाथ की प्रस्तुति देकर ऊर्जा और बेबाक शैली ने श्रोताओं में ऐसा जोश भर की पूरा परिसर तालियों की गड़गडा़हट से गूंज उठा।

रामधुन से सजी महफिल, गूंजा जय सियाराम का जयकारा

भजन संध्या में रावणा ने आध्यात्मिक और सुमधुर भजनों से माहौल पूरी तरह राममय बना दिया। उन्होंने जब अपनी भावपूर्ण आवाज में गाया राम जी से कह देना जय सियाराम, मैं तो राम संग जपता रहूंगा.. तो वहां मौजूद हर एक की आंखें और चेहरे पर भावुकता के साथ गहरी भक्ति साफ झलक रही थी। भजनों की इस अविरल और सुरीली धारा ने पूरे परिसर को भक्ति के रंग में रंग दिया। लोग संगीत की धुनों पर थिरकते रहे और इस लोकप्रिय गायक के सुर से सुर मिलाकर बाबा की आराधना में लीन नजर आए। उन्होंने शूरवीरों की गाथा में महाराणा प्रताप की गाथा सुनाकर लोगों में जोश भर दिया।

भजन गायक छोटू सिंह रावणा का अभिनंदन किया

कार्यक्रम में मौजूद जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभू दयाल मीणा, पूर्व विधायक निर्मल कुमार सकलेचा, भजन गायक कमलेश भैया, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी ने भजन गायक रावणा को स्मृति चिह्न के रूप में तस्वीर भेंट की। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र पुष्प लता दुबे ने किया।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:54 PM IST
Published on: