झालावाड़

शैक्षणिक माहौल खराब करने के आरोप में तीन शिक्षक निलंबित

ग्रामीणों ने की थी शिक्षक का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग

less than 1 minute read
Three teachers suspended for spoiling the educational environment
भवानीमंडी के गुराडिय़ा कलां गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय।

भवानीमंडी. झालावाड़ जिले के गुराडिय़ा कलां गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक और धार्मिक वातावरण खराब करने और गुटबाजी करने के आरोपों की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरिशंकर शर्मा ने तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया।

स्कूल के शिक्षक हेमराज वर्मा, अकील मोहम्मद एवं कचरू सिंह को जांच में दोषी माना गया। भवानीमंडी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दामोदर शर्मा ने बताया कि गत 9 फरवरी को विद्यालय में कार्यरत शिक्षक हेमराज वर्मा ने धार्मिक भावनाओं को लेकर टिप्पणी की थी। इसके विरोध में ग्रामीणों ने शिक्षक का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग की थी। तीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों की कमेटी ने आरोप की जांच की। जांच में आरोप सही पाए गए थे। कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद मंगलवार को हेमराज वर्मा को निलंबित कर मुख्यालय बीकानेर कर दिया गया। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक अकील मोहम्मद को भी जांच में विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण खराब करने एवं गुटबाजी का दोषी पाए जाने पर निलंबित कर जालोर भेज दिया गया। शिक्षक कचरू सिंह भी विद्यालय में गुटबाजी करने एवं धार्मिक भावनाएं आहत करने का दोषी पाया गया। उसे भी निलंबित कर बाड़मेर भेज दिया गया।

Published on:
27 Feb 2024 08:23 pm