-कालीसिंध बांध के 6 गेट खोलकर 67 हजार 773 क्यूसेक की निकासी जारी
झालावाड़। झालावाड़ जिले में गुरुवार रात को शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को दिनभर जारी रहा। कभी मूसलाधार तो कभी रिमझिम। राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर शुक्रवार रात को ही दरा की नाल के पास अमझार नाला ओवरफ्लो हो गया। राजमार्ग पर तीन से चार फीट पानी आ गया। इस कारण गुरुवार रात 2 बजे से शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक इस राजमार्ग पर आवागमन ठप रहा। उधर परवन नदी उफान पर आने से झालावाड़-बारां स्टेट हाइवे पर भी रास्ता बंद रहा। जिले में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश अकलेरा में 131 एमएम दर्ज की गई। वहीं झालावाड़ में 50, रायपुर में 31,असनावर में 32, बकानी में 29, डग में 10, झालरापाटन 28 खानपुर में 56 मनोहरथाना में 84, पचपहाड़ में 21, पिड़ावा में 70, सुनेल में 41 एमएम दर्ज की।
दरा में दोनों तरफ दस-दस किमी से अधिक लम्बा जाम लग गया। जाम में फंसने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। शाम पांच बजे तक भी वाहन रेंक-रेंक कर चल रहे थे। एहतियात के तौर पर यहां पुलिस जाप्ता तैनात कर रखा है। पुलिस की निगरानी में गाडिय़ों को निकाला गया। हालांकि कई कारें पानी में फंस गई। पहले से मुस्तैद पुलिस ने लोगों को सुरक्षित निकाला।
पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही
नाले पर सुबह 9 बजे पानी उतार पर आने पर भारी वाहनों की एक तरफा आवाजाही शुरू की, लेकिन राजमार्ग के दोनों तरफ अव्यस्थित तरीके से वाहन खड़े करने जाम नहीं खुल पाया। पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही। कोटा की तरफ से जाने वाले वाहनों को दरा से पांच किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया। सुबह दस बजे कारों को निकाला शुरू किया तो पानी का प्रवाह तेज होने से राजमार्ग पर गड्ढे हो गए, जिसमें कारें फंसना शुरू हो गई। इसके बाद फिर पुलिस ने हल्के वाहनों की आवाजाही रोक दी। दोपहर 12 बजे पानी उतार पर आने वाले एक-एक तरफा आवागमन चालू किया गया, लेकिन शाम तक यातायात व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाई। झालावाड़ के ज्यादातर लोग वापस लौट गए। आवश्यक कार्य होने पर देहीखेड़ा, पनवाड़ होकर कोटा गए। कई लोग ट्रेन से गए। कोटा से झालावाड़ की तरफ आने वाले कई लोग भी वापस चले गए। या दूसरे रास्ते से गंतव्य तक पहुंचे।
- मध्यप्रदेश में मूसलाधार बारिश होने के कारण शुक्रवार को भी कालीसिंध बांध के 6 गेट 18 मीटर खोलकर 67 हजार 773 क्यूसेक पानी की निकासी की गई।
- रास्ते बंद रहे
- मध्यप्रदेश मे हुई मूसलाधार बारिश से परवन नदी में आए उफान के चलते बारां-झालावाड़ मेगा स्टेट हाइवे अवरूद्ध हो गया। अल सुबह बपावर के समीप परवन नदी की पुलिया पर 2 से 3 फीट पानी का बहाव होने से वाहनों का आवागमन बन्द हो गया।
- परवन नदी के उफान पर आने से झालावाड़ जिले के मनोहरथाना से मध्यप्रदेश की ओर जाने वाला राजगढ़ मार्ग बंद हो गया। इस उपखण्ड से तीन ग्राम पंचायतों का सम्पर्क कट गया।