झालावाड़

सड़कों की बदहाली से ग्रामीण में नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी दी

खानपुर. क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। गोलाना-लीमी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:37 PM IST
Rajasthan News

खानपुर. क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। गोलाना-लीमी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने, खानपुर-कंवल्दा मार्ग में कथित घटिया निर्माण तथा लीमी-कड़ीखेड़ी लिंक रोड की जर्जर हालत को लेकर सरपंच संघ के अध्यक्ष दुर्गाशंकर नागर की अगुवाई में सरपंचों व ग्रामीणों ने गुरुवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करवाने की मांग की।

ज्ञापन में बताया कि गोलाना से लीमी तक सड़क निर्माण के लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं, लेकिन लगभग 10 महीने बीतने के बावजूद सड़क का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क उखड़ चुकी है तथा जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन वाहन चालकों के गिरने और दुर्घटनाएं होने की आशंका रहती है। यहां ठेकेदार द्वारा पुलिया निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया है। ऐसे में वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा है।

इसी प्रकार खानपुर से कंवल्दा की ओर नवनिर्मित सड़क में भी निर्धारित मापदंडों के अनुसार सीमेंट-कंक्रीट का कार्य नहीं करने तथा घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किए जाने का आरोप लगाया। सरपंच संघ ने इस कार्य की जांच करवाकर घटिया निर्माण को दोबारा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करवाने की मांग की।

वहीं लीमी से कड़ीखेड़ी जाने वाला लिंक रोड भी लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों एवं वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। इससे ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही कंवल्दा, पचिपला, देदिया, लाखाखेड़ी, खंडी आदि सम्पर्क सड़कों के किनारे की झाड़ियों की सफाई नहीं करने से आवागमन में परेशानी हो रही है। समस्या को लेकर ज्ञापन देने वालों में ग्राम पंचायत लीमी के सरपंच मनोहर चौपदार, लीमी, बरबेली, लाखाखेड़ी, कड़ीखेड़ी, कांकडदा, सेवनी, सुनारिया व गोलाना के ग्रामीण शामिल रहे।

सरपंच संघ ने प्रशासन से गोलाना-लीमी मार्ग का निर्माण तत्काल शुरू करवाने, खानपुर-कंवल्दा मार्ग के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाकर आवश्यक सुधार करने तथा लीमी-कड़ीखेड़ी लिंक रोड की मरम्मत करवाने की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी कि तीन दिन में कार्रवाई के आदेश जारी नहीं होने पर किसान एवं सरपंच संघ एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:37 PM IST
Published on:
Also Read
View All