झालावाड़

Weather Alert : मौसम विभाग का ताजा अलर्ट, अगले तीन घंटे में यहां होगी जोरदार बारिश

Weather Alert : राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद सोमवार को कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया कि अगले तीन घंटे में 21 जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है।

3 min read

Weather Alert : राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद सोमवार को कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया कि अगले तीन घंटे में 21 जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, भीलवाड़ा जिले के बीगोद कस्बे पर मेघ मेहरबान रहे। दोपहर बाद यहां घटाएं छाने के बाद तेज बरसात का दौर शुरू हुआ। सोमवार शाम चार बजे शुरू हुई बरसात साढ़े पांच बजे तक चली। यहां डेढ़ घंटे में 139 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड दर्ज की गई। जो करीब साढ़े पांच इंच है। तेज बरसात के कारण बीगोद कस्बा जलमग्न हो गया। घरों व दुकानों में पानी घुस गया और सड़कें दरिया बन गई। बीगोद के आसपास नाले और नाडी उफान पर आने से रास्ते अवरूद्ध हो गए। मकानों में पानी घुसने से लोग बाहर निकल आए।

इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभान ने बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, नागौर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अजमेर, टोंक, धौलपुर, बाड़मेर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद और सिरोही जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

आसमान से बरसा इतना पानी कि शहर लबालब
श्रीगंगानगर। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे इलाके में आसमान से पानी इतना बरसा कि पूरा शहर जलमग्न हो गया। पानी निकासी के इंतजाम फेल नजर आए। रविवार रात करीब सवा एक बजे हुई बरसात का दौर सोमवार तड़के करीब सवा चार बजे थमा। करीब चार घंटे लगातार हुई इस बारिश से तापमान करीब साढ़े नौ डिग्री लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार श्रींगंगानगर में 109 मिलीमीटर और मिर्जेवाला में 76 मिलीमीटर बारिश हुई। अधिकतम तापमान जहां चौबीस घंटे पहले 42.6 डिग्री सेल्सियस था जो लुढ़कर सोमवार को 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी एकाएक घट गया, यह 33.1 से गिरकर 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया ।

हाड़ौती अंचल में बरसे मेघ
कोटा. हाड़ौती अंचल में मानसून की दूसरे दिन भी कई जगह पर तेज तो कही रिमझिम बारिश हुई। कोटा में दिनभर बादल छाए रहे और उमस रही, लेकिन दोपहर 3 बजे बाद बोरखेड़ा, पुलिस लाइंस समेत कई इलाकों में तेज बरसात हुई। जबकि कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होकर रह गई। कोटा का अधिकतम तापमान 33.3 व न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम पांच बजे तक 0.4 एमएम बारिश दर्ज की गई।

कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ एक घंटे झमाझम बारिश हुई।बूंदी शहर में सवा पांच बजे रिमझिम बारिश हुई। उसके बाद पन्द्रह मिनट तक तेज बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिली। केशवरायपाटन, बरूंधन, नोताड़ा में भी तेज बारिश होने से सड़कों पर पानी जमा हो गया। खटकड़ में बारिश का दौर शुरू हुआ।

झालावाड़ शहर में दिन बादलों के बीच उमस में बीता। इससे पहले सुबह करीब 9 बजे शहर के कुछ क्षेत्र में हल्की बरसात भी हुई। इसके बाद दिनभर बादल छाए रहे और लोग उमस से परेशान रहे। बारां जिले में बादल छाए रहे। अंता में बूंदाबांदी हुई। कस्बाथाना में बादल छाए रहे।

अगले तीन दिन में इन जिलों में होगी भारी बारिश
27 जून- अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, चुरू, जोधपुर, नागौर और पाली जिले में यलो अलर्ट जारी किया है।

28 जून- बांसवाड़ा, बारां, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़ जिले में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सिरोही, उदयपुर, बाड़मेर, चूरु, जालोर, जोधपुर और पाली जिले में भारी बारिश होने की संभावना है।

29 जून- अजमेर, बारां, झालावाड़ और कोटा जिले में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट,बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, बूंदी,चित्तौड़गढ़, जयपुर, प्रतापगढ़, टोंक, नागौर, श्रीगंगानगर जिले में अति भारी का ऑरेंज अलर्ट और अलवर, भरतपुर, दौसा, झुंझुनूं, करौली, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, उदयपुर,बीकानेर, चूरु, हनुमानगढ़ और पाली जिले में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

Published on:
26 Jun 2023 07:59 pm
Also Read
View All