भारी बारिश की चेतावनी के चलते प्रशासन रहा अलर्ट
झालावाड़ जिले के खानपुर में शनिवार दोपहर बाद एक घण्टे तक मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कस्बे के मुख्य बाजार में सड़कों पर पानी ही पानी हो गया। जिसके चलते निचली दुकानों समेत मकानों में पानी घुसने से व्यापारियों व मकान मालिकों को परेशानी उठानी पड़ी।खानपुर में 23 एमएम बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ शहर में दिनभर बादल छाए रहे। खानपुर में पिछले साल रूपली नदी में उफान आने पर बाढ़ आ गई थी। भारी तबाही हुई थी। उधर मौसम विभाग ने शनिवार को झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसके चलते प्रशासन अलर्ट रहा।
जलमग्न हुई सड़कें
कस्बे में पिछले साल के जख्म अभी भरे ही थे कि इस वर्ष पहली बारिश में ही प्रशासन की व्यवस्थाओं पोल बारिश ने खोल दी। कस्बे में शनिवार दोपहर हुई एक घण्टे ज्यादा देर की बारिश ने खानपुर की सड़कों को जलमग्न कर दिया। वहीं निचली दुकानों समेत मकानों में पानी घुसने की वजह कस्बावासियों को पहली बारिश में ही बड़ी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। कस्बे के झालावाड़ रोड़ यादव मोहल्ला, शहीद सर्किल अटरू रोड़, चांदखेड़ी रोड़ समेत फकीर मोहल्ले में सड़के जलमग्न होने से कस्बेवासियों को परेशानी उठानी पड़ी।
एक घण्टे की बारिश ने मचाया कहर
कस्बे में एक घण्टे ज्यादा देर तक हुई बारिश ने ऐसा कहर मचाया की कस्बे की सड़कें दरिया बन गई। कस्बे के बरसाती नालों की सफाई समय पर नही होने के चलते नालों का पानी भी दुकानों में घुस गया। मौसम विभाग प्राप्त जानकारी अनुसार कस्बे में 23 एमएम से ज्यादा बारिश दर्ज कि गई।
जिला कलक्टर आदेशों की अवहेलना
जिला कलक्टर भारती दीक्षित द्वारा खानपुर कस्बे का जायजा लेकर गत दिनों खानपुर बीडीओ पीडब्ल्यूडी समेत पंचायत प्रशासन को कस्बे कि सफाई समेत मुख्य बरसाती नालों में पानी कि निकासी करवाने के निर्देश दिए। परन्तु खानपुर प्रशासन ने जिला कलक्टर के आदेशों की अवहेलना करते हुए कार्य मे अमल नही करने की वजह से मानसून की पहली बरसात में ही कस्बे के निचले मकानों समेत बाजार की दुकानों में पानी घुसने की वजह कस्बेवासियों ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया।