झांसी

शादी समारोह से लौटते वक्त मारुति वैन से टकराई बाइक, चार की मौत

शादी समारोह से लौटते वक्त मारुति वैन से टकराई बाइक, चार की मौत
2 min read
• •
Updated: 22 Jun 2018, 11:52 AM IST
4 person died in van-bike accident in garautha jhansi
शादी समारोह से लौटते वक्त मारुति वैन से टकराई बाइक, चार की मौत

झांसी। शादी समारोह से लौटते वक्त एक मारुति वैन और मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। यह दुर्घटना मारकुआं रोड पर झाबर मंदिर के पास हुई है।

रानीपुर की थी मारुति वैन

बताया गया है कि मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के कसबा रानीपुर के देवरी मुहल्ला का रहने वाला 25 वर्षीय लोकेंद्र पुत्र गुलाब मारुति वैन चलाता था। वह 20 जून को रानीपुर से गरौठा के सिमरधा बरातियों को लेकर मारुति वैन नंबर यूपी 93 एक्यू 9149 से आया था। दोपहर में वह बरातियों को लेकर वापस रानीपुर जा रहा था। तभी अपराह्न 1 बजे अचानक गरौठा से आठ किलोमीटर दूर मारकुआं रोड पर झाबर मंदिर के पास बंगराखिरक निवासी 22 वर्षीय विजय पुत्र भज्जू उर्फ मातादीन व सत्रह वर्षीय रवि की बाइक उसकी मारुति वैन से टकरा गई। बाइक सवार भी ग्राम खेरी से शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस गांव लौट रहे थे।

इन लोगों की हुई मौत

इस दुर्घटना में मारुति चालक लोकेंद्र, बाइक सवार विजय व रवि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में वैन में सवार गांधीगंज मऊरानीपुर निवासी संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व डायल 100 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल संतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां पर उपचार के दौरान संतोष ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वैन चालक गाड़ी के अंदर इतनी बुरी तरह से फंस गया था कि वैन को काटकर उसे निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया।

इकलौती संतान था लोकेंद्र

सड़क हादसे में जान गंवाने वाला मारुति चालक लोकेंद्र अपने पिता की इकलौती संतान थी। उसकी दो बहनें हैं, पिता काफी वृद्ध हैं। लोकेंद्र ही परिवार का भरण-पोषण करता था। पुत्र की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Published on: