झांसी में एक भयानक घटना सामने आई है। अवैध पिस्टल रखने के शौक ने एक भतीजे के हाथों बुआ की हत्या करा दी और बाद में मोटरसाइकिल से भागते समय खुद भतीजा भी उसी पिस्टल से चली गोली से घायल हो गया।
झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में अवैध पिस्टल रखने का शौक एक भतीजे के लिए जानलेवा बन गया। गुरुवार शाम को उसने अपनी बुआ से पिस्टल साफ करने के लिए तेल मांगा। जब बुआ ने मना कर दिया तो उसने गुस्से में पिस्टल को लहराया और गोली चल गई। गोली बुआ के सीने में लग गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घबराकर भतीजा बाइक से भागने लगा। रास्ते में उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई और गिरने से उसकी कमर में लगी लोडेड पिस्टल से फिर गोली चल गई। गोली उसकी नाभि में जा लगी और वह भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भतीजे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक (सिटी) ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अवैध असलहा साफ करने के लिए बुआ के यहां तेल मांगने गया था। वहां अचानक गोली चली और राजेश्वरी को लग गई।