
झांसी। निकाय चुनाव प्रत्याशियों के साथ-साथ इसमें ड्यूटी वाले अफसरों और कर्मचारियों के लिए भी कठिन परीक्षा की घड़ी से कम नहीं है। उन्हें इस चुनाव में बेहद सतर्कता से ड्यूटी करनी होगी, नहीं तो कार्रवाई के लपेटे में आ सकते हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी कर्णसिंह चौहान ने प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को गाइड लाइन जारी की है। इसमें साफ कहा गया है कि यदि मतदान कर्मी किसी का आतिथ्य स्वीकार करेंगे तो कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया टीम भावना से ही सफल होगी। चुनाव प्रक्रिया में जितनी अधिक जानकारी होगी, निर्वाचन कार्य उतना ही सहज होगा।
दिए गए ये दिशा निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नगर निगम के अतिरिक्त अन्य सभी निकायों में मतपत्र के माध्यम से निर्वाचन होना है। सभी की जिम्मेदारी है कि निर्वाचन सुचितापूर्ण, निर्विध्न और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो। जिलाधिकारी ने पीठासीन अधिकारियों से कहा कि वह टीम लीडर हैं अतः सभी के मोबाइन नंबर शेयर कर लें ताकि सम्पर्क किया जा सके। जो डायरी दी गई वह बेहद महत्वपूर्ण है अतः उसे गंभीरता से भरा जाए। बिना किसी दबाव के कार्य करें। निर्वाचन प्रक्रिया किसी भी दशा में दूषित न हो। उन्होंने मॉकपोल की अनिर्वायता के बारे में बताते हुए कहा कि मॉकपोल समय से कर लिया जाए। मॉकपोल प्रत्याशियों के एजेंट के समक्ष हो और सभी के हस्ताक्षर भी लिए जाएं। कार्मिक प्रभारी अन्नावि दिनेशकुमार ने बताया कि 357 पीठासीन अधिकारी एवं 357 मतदान अधिकारी नगर निगम के अतिरिक्त होने वाले निकाय चुनाव के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रथम पाली में सामान्य प्रशिक्षण तथा द्वितीय पाली में मतपेटिका का प्रशिक्षण दिया गया।
अलग-अलग मतपेटी का होगा प्रयोग
इस दौरान पीठासीन अधिकारियों को बताया कि सदस्य पद के लिए व अध्यक्ष पद के लिए अलग-अलग मतपेटी का प्रयोग हो रहा है। अतः मत पत्र सदस्य व अध्यक्ष का अलग-अलग डलवाया जाए। इस अवसर पर नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी हरीशंकर, पीडी आर के गौतम, डीआईओएस एनके पांडेय, सीवीओ डा. वाईएस तोमर उपस्थित रहे।