
झांसी। प्रगति पथ द्वारा संचालित रेलवे चाइल्ड लाइन के अन्तर्गत रेलवे चाइल्ड लाइन टीम ने इस बार 72वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक पैगाम लोगों को दिया। इसमें बताया गया कि सभी लोग किस तरह से मिल-जुलकर आजादी का जश्न मनाएं। इसमें देश में एकता और भाईचारे का संदेश देते हुये हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई चारों धर्मों के प्रतिरूप बच्चों को बनाया गया। इसमें कहा गया कि धर्म व जाति को लेकर हो रहे मतभेद को दूर करके सभी लोगों को एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहिए।
महत्व को समझें
इस मौके पर कहा गया कि भारत देश अनेकता में एकता लिये हुये है। यहां हर धर्म जाति के लोग एक साथ रहते हैं और मिलजुलकर इस पर्व को मनाते हैं। वहीं, पर आज के समय में कुछ लोग इस एकता को धर्म के नाम पर बांट देते हैं। इससे स्वतंत्रता दिवस का रंग कुछ धूमिल सा पड़ने लगता है। कहीं धर्म के नाम पर, कहीं जाति के नाम पर लोगों में अराजकता फैलती जा रही है। आज के इंसान अपने मूल अधिकारों का प्रयोग सही रूप से न कर उनका दुरूपयोग कर रहे हैं। इसका असर बच्चों पर नहीं पड़ना चाहिये, क्योंकि बच्चे तो इस देश का भविष्य हैं और भविष्य को हम इस प्रकार भटकने नहीं दे सकते। रेलवे चाइल्ड लाइन टीम के बच्चों द्वारा बड़ों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि उनको देखकर बड़े लोग कुछ सीखें और समझें। देश दिन प्रतिदिन प्रगति कर रहा है। नयी- नयी योजनायें बनायी जा रही हैं, लेकिन क्या अराजकता के माहौल में देश वास्तव में प्रगति कर पायेगा। अगर देश में धर्म के नाम पर मतभेद होगा तो कोई भी योजना हो या परियोजना, उसकी सफलता संदिग्ध हो जाएगी। इसके साथ ही एकजुट होकर कार्य करने का महत्व खत्म हो जायेगा।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अनोखी पहल में रेलवे चाइल्ड लाइन टीम ने इस बार स्वतंत्रता दिवस को सभी धर्म के लोगों के साथ मिलकर मनाने का संदेश दिया। इस मौके पर रेलवे चाइल्ड लाइन टीम की ओर से डायरेक्टर ब्रिजेन्द्र सिंह चौहान, कोआर्डिनेटर बिलाल उल हक, काउंसलर भारती गहलौत, सदस्य रेखा आर्य, हेमलता मालवीय, राखी यादव, आलोक कुमार, गोविन्द दास वर्मा, ललित कुमार, राकेश सुरौठिया, संदीप सिंह आदि ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।