झांसी में इंडिया गठबंधन की हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुंदेलखंड की चारों सीटें जीतने का दावा। सपा के पूर्व सांसद ने कहा एग्जिट पोल साजिश है। इंडिया गठबंधन यूपी में कम से कम 50 सीट जीतने जा रहा है।
लोकसभा चुनाव के मतगणना के एक दिन पूर्व समाजवादी पार्टी द्वारा इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के साथ चित्रा चौराहे स्थित स्थानीय होटल में मतगणना के संबंध में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान एग्जिट पोल को एडजस्ट बताते हुए पूरी तरह सजग और सतर्क, सचेत व सावधान रहने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। किसी भी प्रकार भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे बहकावे में न आने की अपील की गई। इस दौरान बताया गया कि इंडिया गठबंधन सरकार बनने जा रही है, इसलिए भाजपा वाले झूठ फैलाकर सबका मनोबल गिराना चाहते हैं। जनता व कार्यकर्ता में उत्साह है, उसे कम न होने दें, सावधान और सतर्क रहें।
पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की सभी सीटों सहित उत्तर प्रदेश की 50 सीटों पर इंडिया गठबंधन जीतने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी सर्वे सरकार के खिलाफ नहीं जा सकता, इसलिए भ्रामक एग्जिट पोल के जरिए भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतगणना एजेंटों के साथ बैठकर उन्हें पूरी तरह प्रशिक्षित किया गया है और आखिरी ईवीएम मशीन खुलने तक सावधानी और सतर्कता बरतने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने लोकसभा 2024 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराया है। उन्होंने कहा कि मतगणना चार जून को होना है और इसके लिए उनके मतगणना अभिकर्ताओं को पूरी तैयारी करवा दी गई है। उन्हें समझा दिया गया है कि अंतिम समय तक टेबल नहीं छोड़ना है और जब तक प्रमाण पत्र नहीं मिल जाता, तब तक मतगणना टेबल पर डटे रहना है।
डॉक्टर यादव ने टीवी न्यूज चैनल पर आयोजित एग्जिट पोल को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि यह एग्जिट पोल भ्रमित करने और माहौल बनाने के लिए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जहां दस सीट हैं, वहां 13 सीट और जहां दो सीट हैं, वहां पांच सीट दिलाने वाला एग्जिट पोल भ्रमित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य भारी मतों से जीत रहे हैं। साथ ही बुंदेलखंड की चारों लोकसभा सीट सहित उत्तर प्रदेश की 50 सीटों पर इंडिया गठबंधन जीतेगा।
डॉक्टर यादव ने कहा कि यह चुनाव जनता ने लड़ा है। गरीब, बेरोजगार, पिछड़ा वर्ग, दलित हर वर्ग ने इंडिया गठबंधन को जिताने के लिए वोट दिया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने कई बार देश का माहौल बिगाड़ने और भाई-चारा समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन जनता जाग चुकी है, इसलिए उनकी बातों में नहीं आई।
पूर्व विधायक गरौठा दीप नारायण सिंह यादव ने बताया कि भाजपा के लोग कैसे कॉन्फिडेंस से बोल सकते हैं कि वह जीत रहे हैं जबकि एक पति अपनी पत्नी के वोट को नहीं जान सकता, यह पूरे देश का परिणाम कैसे बता सकते हैं? अगर एडजस्ट पोल आ रहे हैं तो शंका हो सकती है। वहीं, इंडिया गठबंधन प्रत्याशी प्रदीप जैन ने कहा कि झांसी ललितपुर लोकसभा का चुनाव जनता ने लड़ा है। जनता सब जान रही है कि यह एग्जिट पोल भ्रामक हैं। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन लाखों मतों से झांसी-ललितपुर जीतने जा रहा है।
इस अवसर पर बृजलाल खाबरी, समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, जिला अध्यक्ष बृजेंद्र यादव भोजला, अधिवक्ता विवेक वाजपेई, मुकेश अग्रवाल, अमीर चंद्र, शंभू सेन, बलवान सिंह यादव, शकील खान, आरिफ खान, फारुख शेख आदि मौजूद रहे।