
झांसी। करीब तीन महीने पहली हुई रेलकर्मी की हत्या के मामले में पुलिस विवेचना के बाद नया ट्विस्ट आ गया है। इस मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा आरोपी बनाए गए तीन नामजद लोगों को पुलिस विवेचना में निर्दोष करार दिया गया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति को आला कत्ल सहित गिरफ्तार करके पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। इस मामले में पाया गया कि रेलकर्मी की हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई। इसमें एक ही युवती से दो लोगों का चक्कर चल रहा था। इसी के चलते एक ने दूसरे को रास्ते से हटाने के लिए उसे मौत के घाट उतार दिया।
ये था मामला
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एसटीएस कालोनी के सामने रेल यार्ड में 17 मार्च की शाम को पुलिया नंबर 9 बड़ाकुआं निवासी रेलकर्मी अब्दुल सलीम का शव मिला था। रेल के पहिए के ब्रेकशू पटककर उसकी हत्या की गई थी। रेलकर्मी के पुत्र अब्दुल साजिद ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए रेलवे कालोनी निवासी रवि जोशी, सुरेश जोशी और पुलिया नंबर 9 निवासी राजेंद्र जोशी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की गहनता से विवेचना शुरू की, तो जांच के दौरान मामले में एकदम से नया ट्विस्ट आ गया। इस पर टेक्निकल सपोर्ट ग्रुप (टीएसजी) की टीम का सहयोग लिया गया। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो सका।
ये राज हुआ उजागर
टीम के सक्रिय होने पर अब्दुल सलीम का एक युवती के साथ संबंध होना पाया गया। उसी युवती का महाराजपुरा प्रेमनगर निवासी युवक गोपी चौहान के साथ भी प्रेम-प्रसंग होना पाया गया। इस पर पुलिस गोपी चौहान की तलाश में जुट गई। बाद में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ गरिया फाटक से गोपी चौहान को अरेस्ट कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल रेल के पहिए के ब्रेकशू को बरामद कर लिया।