झांसी

ये रहा निकाय चुनाव में BJP विधायकों का रिपोर्ट कार्ड, कौन हुआ पास और कौन फेल

केंद्र व प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा के लिए नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के नतीजे ज्यादा अच्छे नहीं रहे हैँ।
2 min read
• •
Updated: 8 Dec 2017, 3:36 PM IST
performance of bjp in nikay chunav
ये रहा निकाय चुनाव में BJP विधायकों का रिपोर्ट कार्ड, कौन हुआ पास और कौन फेल

झांसी. यूपी के निकाय चुनावों में 16 में से 14 नगर निगम की जीत पर इठला रही केंद्र और प्रदेश में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के लिए नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के नतीजे ज्यादा अच्छे नहीं रहे हैँ। झांसी जिले के तेरह निकायों में से केवल तीन पर ही उसका कब्जा हो सका है। इसमें झांसी नगर निगम की सीट जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले झांसी सदर सीट से विधायक रवि शर्मा पूरे नंबरों से पास हुए हैं। वहीं, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत के क्षेत्र की एक नगर पालिका और बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा के क्षेत्र की एक नगर पंचायत पर भाजपा की जीत के कारण इन विधायकों की साख बच गई। उधर, मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी औंधे मुंह गिरी। इस विधानसभा क्षेत्र के चार में से एक भी निकाय पर कामयाबी नहीं मिल पाने के कारण यहां के विधायक बिहारी लाल आर्य निकाय परीक्षा में फेल साबित हुए।

झांसी विधायक का कद बढ़ा-
झांसी नगर निगम की सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा बरकरार रहा। इस सीट पर पहले भारतीय जनता पार्टी की किरन वर्मा मेयर थीं। इस बार सीट अनारक्षित हो जाने के कारण पार्टी ने व्यापारी नेता रामतीर्थ सिंघल को टिकट दिया। इस चुनाव की कमान झांसी सदर सीट से विधायक रवि शर्मा ने संभाली। इस सीट पर भाजपा की जीत से पार्टी के अंदर उनका कद और बढ़ गया है।

गरौठा विधानसभा क्षेत्र में जीती गुरसरांय नगर पालिका
इसके अलावा गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत के क्षेत्र में आने वाली गुरसरांय नगर पालिका की सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। इस सीट पर भाजपा के देवेश पालीवाल चुने गए हैं। इसके अलावा पार्टी प्रत्याशी समथर नगर पालिका में दूसरे स्थान पर रहा। उधर, गरौठा के साथ ही मोंठ नगर पंचायतों में पार्टी प्रत्याशी तीसरे स्थान पर जा पहुंचे। इसके अलावा एरच नगर पंचायत में तो पार्टी प्रत्याशी पांचवें स्थान पर खिसक गया।

बबीना विधानसभा क्षेत्र की बड़ागांव नगर पंचायत जीती
निकाय चुनाव में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा के क्षेत्र में पार्टी को केवल बड़ागांव नगर पंचायत से ही संतोष करना पड़ा है। इस सीट पर पार्टी के दयाराम कुशवाहा पार्टी का परचम फहराने में कामयाब हो सके हैं। इसके अलावा इस विधानसभा क्षेत्र की चिरगांव नगर पालिका परिषद में पार्टी प्रत्याशी दूसरे और बरुआसागर नगर पालिका परिषद में तीसरे स्थान पर रहे।

मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का सफाया
भारतीय जनता पार्टी की सबसे ज्यादा दुर्गति मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुई है। इस क्षेत्र में टिकट वितरण को लेकर विधायक बिहारी लाल आर्य की भूमिका पर शुरू से ही सवाल उठने लगे थे। इसका असर चुनाव परिणामों में भी साफ नजर आ रहा है। इस क्षेत्र की मऊरानीपुर नगर पालिका में पार्टी प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहा। हारजीत का अंतर भी पांच हजार से ज्यादा मतों का रहा। उधर, रानीपुर नगर पंचायत में पार्टी प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कटेरा और टोड़ीफतेहपुर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे।

Updated on:
8 Dec 2017, 3:36 PM IST
Published on: