जब पुलिस ने एक घर में दी दबिश, तो बिखरे पड़े नोट देखकर उड़ गए होश
झांसी। प्रेमनगर पुलिस ने एक घर में दबिश दी तो वहां बिखरे पड़े नोटों को देखकर उसके होश उड़ गए। पुलिस के पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेर कर वहां से सात लोगों को लाखों रूपये की नकदी सहित पकड़ लिया। बताया गया है कि ये लोग उस मकान में जुआ खेल रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देश पर यहां जुआ और सट्टा की रोकथाम के क्रम में चलाये जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार नगर पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में प्रेमनगर थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर द्वारा उन्हें सूचना मिली कि हीरापुरा नगरा में एक युवक अपने घर में जुआ का अड्डा चला रहा है। सूचना पाकर प्रेमनगर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ हीरापुरा नगरा में रामप्रकाश राजपूत उर्फ बाबूजी के घर पर दबिश दी। पुलिस को देख जुआरी भागने का प्रयास करने लगे पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेलते हुए सात लोगों पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 101860 रुपये व ताश की गड्डी बरामद कर की।
पुलिस ने इन लोगों को पकड़ा
यहां पर मकान में पकड़े गये जुआरियों ने पुलिस को अपने नाम रामप्रकाश राजपूत पुत्र स्व. गोपीराम राजपूत निवासी हीरापुरा नगरा, मुकेश चन्द्र शर्मा पुत्र स्व. कन्हैया लाल शर्मा, निवासी इस्लाम गंज, धर्मेन्द्र सिंह परिहार पुत्र स्व. नारायण सिंह निवासी हीरापुरा नगरा, मनोज कुमार अहिरवार पुत्र स्व. मनीराम अहिवार निवासी कृष्णा नगर कालोनी नगरा, हरिशचन्द्र अहिरवार पुत्र वंशगीत राम अहिरवार निवासी कृष्णा नगर कालोनी नगरा, राजीव शाक्या पुत्र गंगाराम निवासी अम्बेडकर नगर कालोनी खेरा नगरा, ईश्वर लाल मीना पुत्र बलवन्त सिंह मीना निवासी हीरापुरा नगरा बताया। पुलिस ने पकड़े गये लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर दी है।