पत्नी को देखा ऐसी स्थिति में, कि वह फिर अपने आप पर नहीं रख सका काबू
झांसी। कोतवाली क्षेत्र में चाकू से गोद-गोदकर हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी ने अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में दूसरे युवक के साथ देख लिया और फिर आक्रोश में आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने पकड़े गये युवक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
ये कराई गई थी एफआईआर
कोतवाली अन्तर्गत खाईपुरा में विनोद यादव को एक महिला के घर में चाकू से हमला करते हुए घायल कर दिया गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। इसकी शिकायत करते हुए मृतक के भाई भगवत यादव निवासी सेमरी ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया था कि उसके भाई विनोद यादव उर्फ माते उधार की रकम मांगने के लिए चन्द्रशेखर के पास खाई मोहल्ला गया था। वहां चन्द्रशेखर ने रकम न देते हुए विनोद पर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
ऐसे किया गया हत्यारोपी गिरफ्तार
इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद निरीक्षक अखिलेश कुमार ने अपनी टीम के साथ हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्यारोपी अल्पाइन स्कूल के पास है। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस बताये गये स्थान पर पहुंची। वहां से पुलिस ने हत्यारोपी को पकड़ लिया। पकड़े गये हत्यारोपी के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई कि चाकू और पटीला बरामद किया है। पकड़े गये हत्यारोपी को थाने लाया गया। जहां उसने अपना नाम चन्द्रशेखर विश्वकर्मा निवासी खाई मोहल्ला बताया। इस दौरान हत्यारोपी ने पुलिस को हत्याकांड के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बाद में पुलिस ने पकड़े गये हत्यारोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।