UP rain alert: झांसी में मंगलवार को दिनभर तेज गर्मी का सामना करने के बाद शाम को तेज आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी। देर रात तक सर्द हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, शहर में हल्की बारिश हुई, लेकिन देहात के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई।
Rain in Jhansi: दिनभर भीषण गर्मी झेलने के बाद शाम को तेज आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी। देर रात तक सर्द हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, शहर में तो हल्की बारिश हुई मगर देहात के कई इलाकों में झूमकर बरसा बदरे। दिनभर में जिले में करीब 15 मिलीमीटर बारिश हुई है।
झांसी में सुबह से ही तेज धूप खिली होने से तेज गर्मी बनी हुई थी। हाल ये रहा कि जबरदस्त उमस से कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पाए। एसी चलाने पर ही गर्मी से निजात मिल सकी। घरों से बाहर निकलते ही लोग पसीना-पसीना हो गए। दोपहर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि सामान्य 6.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
दोपहर तीन बजे से मौसम में बदलाव शुरू हो गया। आसमान में बादल छाने लगे। शाम चार बजे से सर्द हवाएं चलनी शुरू हो गईं। साढ़े पांच बजे से हल्की बारिश होने लगी। शहर में सीपरी बाजार, इलाइट चौराहा, चित्रा चौराहा, ग्वालियर रोड, आईटीआई समेत कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। वहीं, देहात के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज पानी गिरा।
कटेरा में शाम साढ़े सात बजे से ढाई घंटे तक बरसात होती रही। वहीं, गुरसराय और बंगरा में एक- एक घंटे तक पानी गिरा। इसके अलावा चिरगांव, मोंठ समेत कई इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह का कहना है कि कभी-कभी भीषण गर्मी के दौरान वातावरण की नमी के कारण बादल बन जाते हैं। मंगलवार को भी ऐसा होने से पानी गिरा है। उन्होंने बताया कि अब बुधवार से तापमान बढ़ेगा। 25 जून को फिर बारिश हो सकती है। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि जनपद में 15 मिलीमीटर पानी गिरा है।