झांसी में सोमवार को तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, जब पारा पहली बार 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। रात का तापमान भी 30 डिग्री से ऊपर रहने के कारण शहरवासी बेहाल हैं। प्रदेश के अन्य शहरों में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
सूरज की तपिश अब जान लेने पर उतारू हो गई है। तापमान लगातार सेसेक्स की तरह ऊपर चढ़ता जा रहा है। सोमवार को पारे ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहली बार पारा 48 डिग्री पार कर गया, जिससे शहरवासियों का जीना मुहाल हो गया। रात का तापमान भी 30 डिग्री के ऊपर पहुंच गया, जिससे राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आई। दोपहर में आसमान से शोले बरसते दिखाई दिए। पारा अभी और कहां तक जाएगा, इसकी कल्पना मात्र से ही कलेजा कांप उठता है।
अभी तक तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा था। एक-दो बार पारा 47 डिग्री भी पहुंचा, लेकिन रविवार को इसने 47.8 डिग्री पर पहुंचकर अब तक का नया रिकॉर्ड बना लिया था। सोमवार को इसमें और वृद्धि हो गई। दिन के तापमान ने रविवार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 48 डिग्री का आंकड़ा भी पार कर लिया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। यहां का तापमान 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 48.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 30.6 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे रातें भी बहुत गर्म हो गईं।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। दूसरे नम्बर पर रहे आगरा का तापमान 47.8 डिग्री, तीसरे नम्बर पर कानपुर का तापमान 47.6 डिग्री, चौथे नम्बर पर उरई और हमीरपुर का तापमान 46.2 डिग्री, और पांचवे नम्बर पर बुलन्दशहर का तापमान 46 डिग्री रहा। प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मौसम इकाई के अनुसार 2 जून तक पारा और ऊपर जा सकता है, लेकिन इसके 50 डिग्री तक पहुंचने के आसार कम हैं। इस दौरान रातें भी पहले के मुकाबले अधिक गर्म रहेंगी। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में गिरावट की संभावना है।