
झांसी। अयोध्या में राम मंदिर के लिए अब शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर दबाव बनाने के लिए अभियान छेड़ने का ऐलान कर दिया है। इसके तहत जगह-जगह रामभक्त सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इसका ऐलान यहां शिवसैनिकों ने एक पत्रकार वार्ता में किया। शिवसेना के प्रदेश सचिव संजीव तिवारी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के वायदे को भूली भाजपा सरकार को जगाने के लिए उप्र में शिवसेना द्वारा रामभक्त कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से मंदिर निर्माण के लिए दबाव बनाया जाएगा।
राममंदिर के लिए चरणबद्ध ढंग से चलाया जाएगा आंदोलन
शिवसेना के नेता संजीव तिवारी ने कहा कि राम जन्म भूमि सम्बंधी मामला सुप्रीम कोर्ट में होने के बाद भी शिवसैनिकों व राम भक्तों को तैयार करने के लिए शिवसेना के राष्ट्रीय प्रमुख उद्धव ठाकरे के निर्देश पर उप्र प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह के नेतृत्व में राम मंदिर आंदोलन चलाया जाएगा। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम किए जाएंगे। इसमें 15 अप्रैल को बस स्टैंड के पास स्थित एक विवाहघर में रामभक्त कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। युवा जिला प्रमुख अंजुल पुरोहित के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन पूर्वाह्न 11 बजे शिवसेना के राष्ट्रीय संगठन सचिव विनय शुक्ला के मुख्य आतिथ्य, प्रदेश प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह की अध्यक्षता में होगा।
मुद्दे से भटक गई है भारतीय जनता पार्टी
शिवसेना के प्रांतीय नेता ने कहा कि भाजपा अपने मुद्दे से भटक गई है। रामलला के नाम पर सरकार बनाकर मंदिर निर्माण की बात को पूरी तरह दरकिनार किया जा रहा है और चुनाव आते ही राम मंदिर मुद्दे के नाम पर वादे शुरू कर दिए जाते हैं। अब यह चलने वाला नहीं है। शिवसेना सरकार को चेताने के लिए ही ऐसे कार्यक्रम बना रही है। इस अवसर पर मनोज शर्मा, संतोष खटीक, रविकांत मिश्रा, राकेश सेठी, सोहन लाल शर्मा, मुन्ना लहरी, राजकुमार साहू उपस्थित रहे।