झांसी

झांसी में इन प्रत्याशियों के बीच सिमटा चुनावी मुकाबला

ये दो प्रत्याशी बिगाड़ सकते हैं दूसरे उम्मीदवारों के चुनावी समीकरण
2 min read
Nov 27, 2017
triangular fight in jhansi nikay chunav
झांसी में इन प्रत्याशियों के बीच सिमटा चुनावी मुकाबला

झांसी। निकाय चुनाव का शोर चरम पर हैं। 29 नवंबर को मतदान होना है। इस चुनाव झांसी में मेयर पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में हैं। वह भी मुख्य मुकाबले में आने के लिए जी-तोड़ कोशिश में लगे हुए हैं। इस चुनाव में उनकी अपनी जो भी स्थिति रहे, लेकिन इतना तय है कि वह दूसरे किसी भी उम्मीदवार के चुनावी समीकरणों को गड़बड़ा सकते हैं।

ये हैं मुख्य उम्मीदवार

इस बार निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एकदम नए चेहरे के रूप में व्यापारी नेता रामतीर्थ सिंघल को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस से पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी से गरौठा क्षेत्र के पूर्व विधायक और झांसी से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके बृजेंद्र व्यास चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले राहुल सक्सेना और आम आदमी पार्टी से नरेंद्र झा चुनाव मैदान में हैं। मालूम हो कि नरेंद्र झा ने अपने लिए टिकट की दावेदारी बहुजन समाज पार्टी में की थी। टिकट नहीं मिलने पर वह आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्री कर चुके हैं दौरे

इस बार निकाय चुनाव भारतीय जनता पार्टी की प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। केंद्र और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकारें हैं। इसलिए इन चुनावों को इन सरकारों के कार्यकाल के आंकलन के तौर पर देखा जाएगा। इसीलिए भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में पूरा जोर लगाया हुआ है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में चुनावी सभा कर चुके हैं। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भी झांसी में चुनावी सभा हो चुकी है। वह गुरसरांय नगर पालिका परिषद में भी चुनावी सभा कर चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे उपमुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा भी मऊरानीपुर नगर पालिका परिषद में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा कर चुके हैं।

Published on:
27 Nov 2017 07:14 am