
Mafia Atiq Son Aban Death Case Row: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त अहजम उर्फ सोनू ने भी दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई, जब सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक के भाई अली अहमद से मिलने जा रहे थे। घटना पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि पत्रिका न्यूज टीम नहीं करती है।
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने सड़क हादसे में अबान अहमद की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त अहजम की जान चली गई, जबकि 3 अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अबान अहमद और अहजम (प्रयागराज) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में मोहम्मद जैद, उमर समेत अन्य लोग शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। बताया गया कि एक घायल ने पुलिस को जानकारी दी कि मृतकों में शामिल अबान, माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग झांसी जिला जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जिला जेल स्थानांतरित किया गया था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अतीक अहमद के परिवार का नाम झांसी से पहले भी दो अहम घटनाओं में जुड़ चुका है। पहला मामला 13 अप्रैल 2023 का है, जब अतीक के बेटे असद अहमद का झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित परीछा नहर के पास STF ने एनकाउंटर किया था। इस कार्रवाई में उसका सहयोगी गुलाम हसन भी मारा गया था। दोनों उमेश पाल हत्याकांड में वांछित थे और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके बाद अतीक के दूसरे बेटे अली अहमद को झांसी जिला जेल में रखा गया। अब उसी अली से मिलने आते समय सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर झांसी को अतीक परिवार से जुड़े बड़े घटनाक्रम का केंद्र बना दिया है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायलों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। फिलहाल प्राथमिक जांच में सड़क दुर्घटना की वजह वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना मानी जा रही है।