झांसी

माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान को कहां किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक और कहां होगा पोस्टमार्टम; पढ़िए केस अपडेट

Atiq Ahmed Son Death News Update: झांसी सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का पोस्टमार्टम झांसी मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
2 min read
Aug 06, 2026
where mafia atiq ahmed son aban be buried and post mortem be conducted case update
माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान को कहां किया जाएगा दफन? फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Atiq Ahmed Son Death News Update: कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना परिवार को दे दी गई है, जिसके बाद परिजन और रिश्तेदार झांसी के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल अबान का शव झांसी मेडिकल कॉलेज में रखा गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार (दफन) प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा।

भाई अली से मिलने जा रहा था अबान

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जिला जेल जा रहा था। मुलाकात के लिए उसने पहले से पर्ची भी कटवा रखी थी। इसी दौरान झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास उसकी कार हादसे का शिकार हो गई।

तेज रफ्तार क्रेटा डिवाइडर से टकराई

बताया जा रहा है कि प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई।

घायलों की पहचान, चालक का इलाज जारी

पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान एहजाम, उमर और जैद के रूप में हुई है। वहीं मृतकों की पहचान अबान अहमद और सोनू के रूप में हुई है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच में कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि मोहम्मद जाहिद कार चला रहा था और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय वाहन में कौन किस सीट पर बैठा था।

पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज ले जाया जाएगा शव

जानकारी के अनुसार, अबान अहमद का पोस्टमार्टम झांसी में ही कराया जाएगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद परिजन शव को प्रयागराज लेकर जाएंगे, जहां कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

अतीक अहमद के परिवार में अब कौन-कौन?

अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे। सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है। दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है। तीसरे बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। चौथा बेटा अहजम* बाहर है, जबकि सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की अब सड़क हादसे में मौत हो गई।

पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, चश्मदीदों के बयान और घायलों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम का विश्लेषण किया जा रहा है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।