झुंझुनू

यमुना के पानी के लिए 21 अप्रेल होगी महत्वपूर्ण तारीख, जानें क्या पूरा मामला

हरियाणा के बड़े अधिकारियों व मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के बीच झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में 21 अप्रेल को सुबह महत्वपूर्ण बैठक होगी।

2 min read
Apr 18, 2025
मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी देते भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच।

कई दशकों से यमुना के पानी का इंतजार कर रहे राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लाखों लोगों को जल्द ही खुशखबर मिलने वाली है। बहते हुए पानी को देखने का उनका सपना पूरा होने वाला है। हरियाणा के ताजेवाला हैड से पाइप लाइन के माध्यम से पानी लाने के लिए हरियाणा के बड़े अधिकारियों व मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के बीच झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे में 21 अप्रेल को सुबह महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें अभी जो अड़चन आ रही है, उन सभी का समाधान निकालकर धरातल पर कार्य शुरू करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री शनिवार से सोमवार तक शेखावाटी के दौरे पर रहेंगे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण बैठक पिलानी में होगी।

शिलान्यास व उद्घाटन दोनों सीएम करेंगे: मुकेश दाधीच

सर्किट हाउस में शिलान्यास की तारीख के सवाल पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा यमुना के पानी का शिलान्यास भी करेंगे और उद्घाटन भी वे ही करेंगे। मुख्यमंत्री जिसका शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी करते हैं। ईआरसीपी का कार्य तेजी से चल रहा है, अब सरकार का अगला लक्ष्य शेखावाटी के लिए यमुना का पानी लाना है।

कार्यकर्ताओं की बैठक

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों की बैठक हुई है। बैठक में प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, संतोष अहलावत, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश बढ़ाना, बगरू विधायक कैलाश वर्मा, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विजेंद्र पूनिया, जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, शुभकरण चौधरी, विश्वंभर पूनिया, जिला उपाध्यक्ष प्यारे लाल ढूकिया, कमलकांत शर्मा, राजेश बाबल सहित अनेक ने तैयारियों पर चर्चा की व जरूरी सुझाव दिए।

मिनट टू मिनट कार्यक्रम 20 अप्रेल

सुबह 9:50 पर सड़क मार्ग से फतेहपुर से मंडावा पहुंचेंगे। यहां नगर पालिका क्षेत्र में स्वागत किया जाएगा। जिला महामंत्री सरजीत चौधरी ने बताया कि उसके बाद 10:50 पर नवलगढ़ विधानसभा के मुकुंदगढ़ में स्वागत कार्यक्रम रहेगा। फिर झुंझुनूं विधानसभा में प्रवेश करने पर टोल के पास 11:35 पर स्वागत कार्यक्रम होगा। दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस में जनसुनवाई और अधिकारियों की बैठक होगी। 1:35 पर गुढामोड़ पर उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की तरफ से पशु चिकित्सालय के पास स्वागत किया जाएगा। 2 बजे बगड़ तिराहे पर स्वागत किया जाएगा। फिर ओजटू बायपास पर 2:25परखेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की ओर से स्वागत किया जाएगा। पिलानी चौराहे के पास 2:45 पर सूरजगढ विधानसभा की तरफ से स्वागत होगा। उसके बाद 3:15 बजे पिलानी में स्वागत कार्यक्रम रहेगा। फिर रात्रि विश्राम पिलानी में रहेगा।

21 अप्रेल का कार्यक्रम

21 को सुबह आधिकारियों की बैठक लेंगे। यह महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसके बाद सीकर व झुंझुनूं के जनप्रतिनिधियों व पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से मलसीसर डैम का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद चूरू में पुलिस लाइन के लिए रवाना हो जाएंगे।

Also Read
View All

अगली खबर