झुंझुनू

​टिकट कटने के बाद चुनाव लड़ने को लेकर झुंझुनूं सांसद संताेष अहलावत का बड़ा बयान

भाजपा की पहली सूची में झुंझुनूं सीट से मंडावा विधायक नरेंद्र कुमार खींचड़ को प्रत्याशी बनाया गया है।
less than 1 minute read
Mar 23, 2019
संतोष अहलावत

झुंझुनूं। भाजपा की पहली सूची में झुंझुनूं सीट से मंडावा विधायक नरेंद्र कुमार खींचड़ को प्रत्याशी बनाया गया है। 2014 में चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचीं प्रदेश की एकमात्र महिला सांसद संतोष अहलावत का टिकट काट दिया गया है।

2014 में अहलावत ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. राजबाला ओला को 2 लाख 33 हजार 835 मतों से शिकस्त दी थी। लेकिन सूत्रों की मानें तो अहलावत का पार्टी के भीतर विरोधी और इस बार उनका टिकट कटने के कयास लगाए जा रहे थे। उधर टिकट की घोषणा के बाद अहलावत समर्थकों ने शुक्रवार को सांसद निवास पर बैठक बुलाई। इसमें अहलावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं से चर्चा कर कोई निर्णय लिया जाएगा।

भाजपा ने होली के दिन राजस्थान की 16 सीटों पर लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। दो माह की मशक्कत के बाद पार्टी ने आखिरकार उन्हीं चेहरों पर भरोसा जताया है, जिन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया था और वे जीतकर संसद पहुंचे थे। भाजपा ने घोषित 16 उम्मीदवारों में से 14 सीटों पर मौजूदा सांसदों को ही फिर से प्रत्याशी बनाया है।

झुंझुनूं की सांसद संतोष अहलावत का टिकट काटा गया है। उनकी जगह मंडावा विधायक नरेन्द्र खींचड़ को मौका दिया गया है। अजमेर से पूर्व विधायक भागीरथ चौधरी पर विश्वास जताया गया है। भागीरथ किशनगढ़ से विधायक रहे थे और विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था। केन्द्र सरकार में शामिल 5 में 4 मंत्रियों को फिर से चुनाव लड़वाने की घोषणा भी कर दी गई है। एक मात्र केन्द्रीय मंत्री सीआर चौधरी को लेकर पार्टी में संशय बरकरार है।

मैंने अपना मूल्यांकन किया, टिकट की पूरी उम्मीद थी लेकिन कैसे कट गया समझ नहीं आ रहा। पार्टी ने सभी को पुन: मौका दिया है। चर्चा कुछ भी हो, अपने जिले से ही चुनाव लड़ूंगी।
संतोष अहलावत, सांसद

Updated on:
23 Mar 2019 09:37 am
Published on:
23 Mar 2019 09:30 am