
राजस्थान रोडवेज (फाइल फोटो - पत्रिका)
झुंझुनूं. राजस्थान रोडवेज बसों के चालक-परिचालकों को ड्यूटी के बाद आराम के लिए अब बस की छत या खुले स्थान का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। राजस्थान रोडवेज की ओर से प्रदेश के विभिन्न डिपो में चालक-परिचालकों के लिए बेहतर विश्राम सुविधाएं विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसी के तहत झुंझुनूं डिपो में भी रेस्ट रूम बनाए जाएंगे। इन रेस्ट रूम में एसी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि लंबी ड्यूटी के बाद चालक-परिचालकों को पर्याप्त आराम मिल सके।
दरअसल, रोडवेज बसों के सुरक्षित संचालन में चालक और परिचालक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कई बार लंबी दूरी की ड्यूटी के बाद बस के डिपो या बस स्टैंड पहुंचने पर अगली ड्यूटी से पहले कर्मचारियों को आराम के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पातीं। गर्मी के मौसम में खुले या असुविधाजनक स्थान पर विश्राम करने से परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसे में चालक-परिचालकों के लिए सुविधायुक्त रेस्ट रूम की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
झुंझुनूं डिपो से रोजाना दिल्ली, जयपुर, सीकर, चूरू सहित विभिन्न मार्गों पर रोडवेज बसों का संचालन होता है। लंबी दूरी के रूट पर जाने वाली बसों के चालक-परिचालकों को ड्यूटी के बीच पर्याप्त विश्राम की जरूरत होती है। एसी रेस्ट रूम बनने से उन्हें गर्मी और थकान से राहत मिलेगी तथा ड्यूटी के दौरान कार्यक्षमता भी बेहतर रहेगी।
चालक को पर्याप्त आराम मिलने का सीधा असर सड़क सुरक्षा पर भी पड़ेगा। थकान कम होने से चालक बस का संचालन अधिक सतर्कता के साथ कर सकेंगे। इससे लंबी दूरी की बस सेवाओं में दुर्घटनाओं का जोखिम कम करने में मदद मिलेगी। चालक-परिचालकों को बेहतर विश्राम सुविधा मिलने का लाभ अंतत: यात्रियों को भी मिलेगा और रोडवेज बसों का संचालन अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकेगा।
बस स्टैंड या डिपो पर रात में ठहरने वाली बसों की संख्या के आधार पर रेस्ट रूम की जरूरत तय की जाएगी। रात्रि ठहराव वाली बसों की संख्या का आकलन करने के बाद उसी के अनुरूप चालक-परिचालकों के लिए कमरों का निर्माण कराया जाएगा। इससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यालय से रेस्ट रूम बनाने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे। झुंझुनूं डिपो की ओर से प्रस्ताव तैयार कर भेज दिए गए हैं।
Updated on:
19 Aug 2026 05:23 pm
Published on:
19 Aug 2026 05:17 pm
