
Jhunjhunu: चोरी के बाद घर में बिखरा सामान (फोटो-पत्रिका)
झुंझुनूं। जिले में बुहाना क्षेत्र के झारोड़ा गांव में शनिवार रात बेखौफ चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर 3 लाख 10 हजार रुपए नकद समेत लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर के एक कमरे में सोते रहे, जबकि चोर दूसरे कमरों में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालते रहे। रविवार सुबह कमरे में सामान बिखरा मिलने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार के शिक्षक पुत्र की करीब तीन माह बाद शादी होनी है। शादी के लिए परिवार ने पहले से ही सोने-चांदी के आभूषण और नकदी घर में रखी हुई थी। चोर इन्हीं सामानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए का माल समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है।
पीड़ित मुकेश मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार रात अज्ञात चोर घर में घुसे। चोरों ने कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सामान खंगाला। इसके बाद 3 लाख 10 हजार रुपए नकद के अलावा सोने की चैन, टॉप्स, अंगूठियां, लूंग और कान के झुमके चोरी कर लिए।
चोरों ने चांदी के सटका, तागड़ी, पांच पायजेब, छह चुटकी और 10 चांदी के सिक्के भी पार कर दिए। परिवार के अनुसार, चोरी किए गए अधिकांश आभूषण आगामी शादी के लिए तैयार करवाकर रखे गए थे। सुबह जब परिजनों की नजर बिखरे सामान पर पड़ी तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। परिवार के लोगों ने जब गहनों की तलाश की तो उनके होश उड़ गए।
वारदात की सूचना मिलने पर एएसआई रामपत, हेड कांस्टेबल रामपाल और कांस्टेबल रतन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और संभावित सुरागों की जांच कर रही है।
Updated on:
16 Aug 2026 04:14 pm
Published on:
16 Aug 2026 04:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
