झुंझुनू

चुनाव प्रचार के दौरान खूनी संघर्ष, पूर्व सरपंच समेत पांच गंभीर घायल, गांव में दहशत का माहौल

Rajasthan Election 2018: चुनाव प्रचार और सभाओं के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के करीब पंद्रह लोगों पर हमला बोल दिया...
2 min read
Dec 05, 2018
police

झुंझुनूं। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, प्रत्याशियों और समर्थकों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ रहा है। प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट हो रही है। झुंझुनूं में चुनाव प्रचार और सभाओं (Rajasthan Election 2018:) के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के करीब पंद्रह लोगों पर हमला बोल दिया। मारपीट में एक पूर्व सरपंच सहित पांच लोग गंभीर घायल हो गए। गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। हमलावर एक प्रत्याशी के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।

मामले की जांच कर रही गुढ़ागौडज़ी थाना पुलिस ने बताया कि पौंख गांव के पूर्व सरपंच मूलचंद सैनी ने किसी दूसरी पार्टी को अपना समर्थन दिया था, तभी से एक पार्टी के प्रत्याशी और कार्यकर्ता उनसे नाराज चल रहे थे। बीती रात कुछ लोगों ने सैनी और उनके साथ बैठे लोगों पर हमला कर दिया। लाठियों और सरियों से मारपीट कर सैनी और अन्य लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने देर रात कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।


वहीं इधर... छह लोग घायल, चार अस्पताल पहुंचे
बारां जिले के छीपाबड़ौद थाना इलाके में प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट हो गई। मारपीट में छह समर्थक घायल हो गए, जिनमें से चार को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम हरनावदा जागीर गांव में कांग्रेस प्रत्याशी करण सिंह अपने समर्थकों के साथ चुनावी सभा के बाद चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से जनसंपर्क कर आ रहे निर्दलीय प्रत्याशी वीरभद्र, करण सिंह के सामने से गुजरे। इस बीच दोनों नेताओं ने तो एक दूसरे का अभिवादन किया, लेकिन उनके प्रत्याशियों में संपर्क को लेकर गाली-गलौज हो गई। बस फिर देखते ही देखते दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर लात घूसों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान छह समर्थक घायल हुए। चार को अस्पताल ले जाना पड़ा। इस बीच दोनों ही प्रत्याशियों ने एक दूसरे के खिलाफ छिपाबड़ौद थाने में रिपोर्ट दी है। मारपीट की घटना के बाद से गांव में पुलिस का भारी बंदोबस्त है।

Published on:
05 Dec 2018 02:29 pm