झुंझुनू

Rajasthan: भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष के बेटे को जान से मारने की धमकी, 11 लाख की रंगदारी मांगी

भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष व पूर्व पार्षद ललित भगेरिया के पुत्र नीरज भगेरिया से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए 11 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।

2 min read
Mar 18, 2026
नीरज भगेरिया: फोटो पत्रिका नेटवर्क

चिड़ावा (झुंझुनूं)। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष व पूर्व पार्षद ललित भगेरिया के पुत्र नीरज भगेरिया से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए 11 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर नीरज को गोली मारने की सीधी धमकी दी गई है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस टीमें जांच में जुट गई हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले की मॉनिटरिंग डीएसपी विकास धींधवाल कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में रंगदारी मांगने में स्थानीय युवकों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। बदमाशों की धमकी के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार का चिड़ावा की राजनीति में खासा दखल होने के कारण मामला काफी चर्चा में है। नीरज की दादी पूर्व पालिकाध्यक्ष तथा दादा पूर्व पार्षद रह चुके हैं।

11 लाख की रंगदारी मांगी

जानकारी के अनुसार 15 मार्च की देर रात नीरज के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आए, लेकिन उस समय वह सो रहा था, इसलिए देख नहीं पाया। 16 मार्च की सुबह व्हाट्सएप देखने पर मैसेज में 11 लाख रुपए की रंगदारी मांगते हुए लिखा था कि आरोपी कई दिनों से नीरज पर नजर रखे हुए हैं और उसकी हर गतिविधि की जानकारी रखते हैं।

आरोपियों ने नीरज की लोकेशन ट्रैक करने की बात कहते हुए उसकी फोटो और वर्तमान लोकेशन भी व्हाट्सएप पर भेजकर डराने की कोशिश की। इसके बाद नीरज ने अपने पिता ललित भगेरिया को इसकी जानकारी दी। बाद में ललित भगेरिया ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया।

कुछ संदिग्धों से पूछताछ

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार इस गिरोह के तार स्थानीय अपराधियों के साथ-साथ दुबई में बैठे लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह गैंग पिलानी में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

गौरतलब है कि नीरज के चाचा और दिवंगत भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप भगेरिया से भी कुछ वर्ष पहले रंगदारी मांगी गई थी। उस समय पुलिस ने लंबे समय तक भगेरिया के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा भी दी थी।

व्हाट्सएप पर आए कॉल-मैसेज

पीड़ित नीरज के मोबाइल पर 15 और 16 मार्च की दरम्यानी रात करीब 1:08 बजे ‘हाय’ का मैसेज आया। इसके बाद लगातार दो बार व्हाट्सएप कॉल किए गए, लेकिन नीरज ने कॉल रिसीव नहीं किया। रात 1:16 बजे ‘रिप्लाई दो, काम की बात करनी है’ का मैसेज भेजा गया। सुबह नीरज के जवाब देने पर करीब 10:02 बजे फिर व्हाट्सएप कॉल आया।

कॉल उठाने पर अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए 11 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और नीरज की फोटो भेजी। 10:04 बजे भेजे गए मैसेज में आरोपी ने धमकी देते हुए लिखा कि उसे नीरज की लोकेशन, दुकान और अन्य जगहों की पूरी जानकारी है। मामले की जांच एएसआई राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

Published on:
18 Mar 2026 03:57 pm
Also Read
View All

अगली खबर