21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: डंपर की टक्कर से सरकारी कर्मचारी की मौत, पहिए में फंसकर 20 फीट तक घिसट गए

Jhunjhunu Accident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में रविवार शाम को भीषण सड़क हादसा हो गया। डंपर की टक्कर से बाइक सवार बिजली निगम के लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। जिसके शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया।

2 min read
Google source verification
Jhunjhunu Accident

Jhunjhunu: हादसे के बाद खड़ा डंपर और इनसाइड में मृतक (फोटो-पत्रिका)

झुंझुनूं। जिले के चिड़ावा क्षेत्र में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली निगम के लाइनमैन की मौत हो गई। घटना सिंघाना रोड पर अडूका गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर डंपर के पहियों के नीचे आ गया और करीब 20 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान पिचानवा निवासी मनफूल कुमावत (48) के रूप में हुई है, जो बिजली निगम में सरकारी लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वह अपनी ड्यूटी के लिए बाइक से चिड़ावा पावर हाउस की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे अडूका के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मनफूल उछलकर सड़क पर गिरे और पहिए में बाइक फंस गई, जिससे वे घिसटते चले गए। राहगीरों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डंपर छोड़कर चालक फरार

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को भगाने की कोशिश करने लगा, लेकिन सड़क पर भीड़ और स्थिति को देखते हुए वह डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के समय एक अन्य बाइक सवार भी डंपर के पास से गुजर रहा था, जो बाल-बाल बच गया।

बड़ा बेटा नीट की तैयारी कर रहा

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा हादसा कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारी एएसआई सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतक अपने गांव पिचानवा से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा नीट की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा 12वीं कक्षा में अध्ययनरत है।

पुलिस जांच में जुटी

अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।