
jhunjhunu: प्रॉपर्टी डीलर का घर (फोटो-पत्रिका)
झुंझुनूं। कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपली चौक में शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने प्रॉपर्टी कारोबारी के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को पिस्टल की नोक पर बंधक बना लिया और करीब 85 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और डेढ़ से दो लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने परिवार के लोगों के हाथ-पैर बांध दिए और महिलाओं को कमरे व बाथरूम में बंद कर उनके जेवर उतरवा लिए। जाते समय बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए।
बदमाश करीब एक घंटे तक घर में मौजूद रहे और आराम से अलमारियां व कमरों की तलाशी लेते रहे। वारदात के तरीके से अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों को घर और प्रॉपर्टी कारोबार की पहले से जानकारी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल व एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पीड़ित परिवार के मुखिया अकबर अली शेरवानी (77) ने बताया कि शनिवार रात करीब 1:15 बजे 6-7 नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। सभी के चेहरे ढके हुए थे और उनके पास हथियार थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने प्रॉपर्टी कारोबारी शब्बीर सैय्यद उर्फ बाबू भाई के बारे में पूछा और सीधे उनके कमरे तक पहुंच गए। बदमाशों ने शब्बीर की कनपटी पर पिस्टल तान दी और परिवार के सभी सदस्यों को एक जगह बैठा दिया। इसके बाद अलमारियों की चाबियां लेकर पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार के अकबर अली ने बताया कि बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी काली स्कॉर्पियो के बारे में भी पूछताछ की। बदमाशों ने कहा कि उन्हें परिवार और संपत्ति की पूरी जानकारी देकर भेजा गया है। इससे परिवार को आशंका है कि डकैती से पहले बदमाशों ने घर की रेकी की थी।
बदमाशों ने चादर, कपड़े, टेप और बिजली के तारों से लोगों के हाथ-पैर बांध दिए। घर में मौजूद 10 साल के बच्चे को भी नहीं छोड़ा। महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर उनके गहने उतरवा लिए। बदमाशों ने बच्ची के कानों के झुमके तक नहीं छोड़े।
पुलिस के अनुसार बदमाश करीब 50-60 तोला सोने के आभूषण, सवा से डेढ़ किलो तक चांदी के गहने और डेढ़ से दो लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए। वारदात के दौरान बदमाश परिवार को लगातार धमकाते रहे।
बदमाश शब्बीर को पकड़कर उनके पास लाए और पूछा कि शब्बीर कौन है। पहचान बताने के बाद बदमाशों ने काली स्कॉर्पियो और संपत्ति के बारे में जानकारी ली। बदमाशों ने परिवार को धमकाते हुए कहा कि चुप रहोगे तो कुछ नहीं होगा। अन्यथा अंजाम बहुत बूरा होगा।
बदमाशों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की लग रही थी। एक बदमाश लंगड़ाकर चल रहा था। बातचीत में बदमाशों ने यूपी से जुड़े कुछ लोगों का जिक्र भी किया, जिससे किसी नेटवर्क की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बदमाशों के पास देसी कट्टे और चाकू भी थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पड़ोसी के कैमरे में रात करीब 1:20 बजे कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पीड़ित परिवार के लोगों के अनुसार वारदात को 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। जबकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि चार नकाबपोश बदमाश थे।
पीपली चौक में प्रॉपर्टी कारोबारी शब्बीर सैय्यद के घर वारदात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार नकाबपोश बदमाशों ने रात करीब सवा एक बजे घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और 50 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी तथा डेढ़-दो लाख रुपए नकद लूट लिए। घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। एफएसएल व एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में चार नकाबपोश बदमाशों की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। आरोपियों की तलाश जारी है। -श्रवणकुमार, थानाधिकारी कोतवाली झुंझुनूं
Updated on:
21 Jun 2026 04:39 pm
Published on:
21 Jun 2026 04:32 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
