14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दौसा में 115 किलो अफीम के साथ पकड़ा गया नागौर का मालाराम, गंध छुपाने के लिए ​कार में किया था परफ्यूम का छिड़काव

तस्करी के आरोपी ने अफीम की तेज गंध को छुपाने और सुरक्षा एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए कार के अंदर भारी मात्रा में परफ्यूम का छिड़काव कर रखा था। लेकिन सीबीएन की सटीक सूचना और निगरानी के चलते उसकी यह चाल नाकाम रही।
2 min read
Google source verification

दौसा

image

Anil Prajapat

Jun 21, 2026

malaram01

सीबीएन की गिरफ्त में आरोपी। फोटो: पत्रिका

दौसा। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर-आगरा हाईवे स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर शनिवार देर रात झारखंड नंबर की एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अवैध अफीम जब्त की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इस कार्रवाई में तस्कर के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार सीबीएन नीमच को खुफिया सूचना मिली थी कि गुवाहाटी से जोधपुर के लिए एक कार के जरिए अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही सीबीएन की टीम ने 19 जून 2026 से ही संदिग्ध वाहन की निगरानी और ट्रैकिंग शुरू कर दी थी। टीम ने करीब 2 हजार किलोमीटर तक इस गाड़ी पर नजर बनाए रखी।

आखिरकार 20 जून की अलसुबह जयपुर-आगरा हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर झारखंड रजिस्ट्रेशन की कार को रोका गया। जब टीम ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में रखे तीन बोरों से कुल 109 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी हुई थी।

अफीम की तेज गंध को छुपाने के लिए परफ्यूम का छिड़काव

तस्करी के आरोपी ने अफीम की तेज गंध को छुपाने और सुरक्षा एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए कार के अंदर भारी मात्रा में परफ्यूम का छिड़काव कर रखा था। लेकिन सीबीएन की सटीक सूचना और निगरानी के चलते उसकी यह चाल नाकाम रही।पकड़े गए आरोपी की पहचान फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई के रूप में हुई है। सीबीएन ने अफीम और कार को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को दौसा स्थित कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए गहन जांच

अब सीबीएन की टीम इस पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है। यह कार्रवाई नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी के मार्गदर्शन और अधीक्षक बिपिन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने की। टीम में निरीक्षक परीक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव, हवलदार विष्णु राठौर, निखिल, अंकित रंजन, रोहित, भरत तथा वाहन चालक राजूचंद और अमर सिंह शामिल रहे। खास बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई की भनक स्थानीय पुलिस को तक नहीं लगी। सीबीएन ने तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर सिकंदरा थाने को सुपुर्द कर दिया है।