
मृतक चंदन। फाइल फोटो- पत्रिका
झुंझुनूं। धनूरी थाना क्षेत्र के गांव चुड़ैला में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कार में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बीडीके अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों की ओर से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर धरना समाप्त कर दिया गया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया गया।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस के अनुसार सूचना मिली कि चुड़ैला निवासी 24 वर्षीय चंदन पुत्र सतीश का शव एक कार में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं होने के कारण मामला और अधिक संदिग्ध माना जा रहा है। मृतक के पिता सतीश कुमार ने धनूरी थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र चंदन चेन्नई में मजदूरी करता था और 15 जून को घर आया था।
उन्होंने बताया कि 17 जून की सुबह गांव निवासी रोनित पुत्र सुरेन्द्र उसे फोन कर घर से बाहर बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजन ने जब चंदन के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन रोनित ने उठाया। आरोप लगाया गया है कि रोनित ने कथित रूप से जातिसूचक शब्द कहे और दोबारा फोन नहीं करने की धमकी दी।
उसी शाम सूचना मिली कि चंदन का शव रोनित की कार में पड़ा हुआ है। रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि रोनित, उसकी भाभी प्रियंका पत्नी विक्रम तथा अन्य लोगों ने साजिश रचकर उनके पुत्र की हत्या की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बीडीके अस्पताल परिसर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने धनूरी पुलिस पर संवेदनहीनता और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इतनी गंभीर घटना की सूचना मिलने के बावजूद थानाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने केवल एक सिपाही को मौके पर भेजकर शव को मोर्चरी में रखवाया और औपचारिकता पूरी कर ली। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के करीब 18 घंटे बाद तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
चंदन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी आय से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसकी पांच बहनें हैं। चंदन की असामयिक मृत्यु से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
चंदन का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। रोनित, उसकी भाभी तथा अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
18 Jun 2026 08:33 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
