16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharatpur News: जूस में मांस के टुकड़े की अफवाह, भरतपुर में हंगामा-मारपीट, पुलिस बल तैनात, एक युवक हिरासत में

Juice Shop Controversy: भरतपुर में एक जूस की दुकान पर संदिग्ध टुकड़ा मिलने की चर्चा के बाद विवाद खड़ा हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

2 min read
Google source verification
Bharatpur News

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका

भरतपुर। मथुरा गेट थाना क्षेत्र के लुपिन चौराहे के पास सोमवार को एक जूस की दुकान पर मांस का टुकड़ा मिलने की अफवाह फैलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। इस दौरान दुकान संचालक और उसके पक्ष में आए एक युवक के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

यह वीडियो भी देखें

घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार एक युवक जूस पीने के लिए दुकान पर पहुंचा था। जूस पीते समय उसे उसमें एक ऐसा टुकड़ा मिला, जो घुल नहीं रहा था। युवक ने दुकान संचालक से इसके बारे में पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसने टुकड़े को मांस का बताते हुए विरोध जताया। इसके बाद मामला तेजी से फैल गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए।

दुकान संचालक के साथ मारपीट

आरोप है कि इस दौरान दुकान पर हंगामा हुआ और दुकान संचालक के साथ मारपीट की गई। भीड़ के कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। हालात बिगड़ते देख मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी विवाद थमता नजर नहीं आया। बजरंग दल जिला संयोजक शुभम सैंथरा ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकान पर नाम नहीं लिखा हुआ था और इस संबंध में पहले भी आपत्ति जताई गई थी। उनका कहना है कि मौके पर जूस पी रहे एक व्यक्ति को संदिग्ध टुकड़ा मिला, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ।

पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे

सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, सीओ सिटी आशिमा वासवानी, मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीणा, कोतवाली थाना प्रभारी सहित आरएसी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में एफएसएल टीम, भरतपुर को बुलाकर संदिग्ध पदार्थ के नमूने जांच के लिए भेजे गए। मथुरा गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद पदार्थ क्या था। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूचना मिली थी कि लुपिन चौराहे के पास 100-200 लोग एकत्रित होकर किसी व्यक्ति को पीट रहे हैं। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उस व्यक्ति को बचाकर सुरक्षित किया। कुछ लोगों का आरोप था कि जूस में कुछ मिलाया हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में जो भी सामने आएगा, उसमें विधिक कार्रवाई की जाएगी।

  • आशिमा वासवानी, सीओ सिटी भरतपुर