
कांस्टेबल नरेश कुमार। फाइल फोटो- पत्रिका
हनुमानगढ़। जिले के भादरा थाना क्षेत्र के गांव डोबी की रोही स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार को मुख्य सड़क पर एक दर्दनाक हादसे में भादरा पुलिस थाने में कार्यरत कांस्टेबल नरेश कुमार की मौत हो गई। हादसा एक क्रेशर सामग्री से भरे डंपर की टक्कर से हुआ। पुलिस के अनुसार सोमवार पुलिस टीम गांव उतरादाबास से जांच कार्य से लौट रही थी। इसी दौरान एक डंपर के चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
यह वीडियो भी देखें
टक्कर के बाद मोटरसाइकिल डंपर के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार नरेश कुमार (कांस्टेबल, भादरा थाना) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने डंपर चालक रामेश्वर पुत्र जगदीश प्रसाद गुर्जर निवासी नानुवाली बावड़ी, थाना खेतड़ी, जिला झुंझुनूं को हिरासत में ले लिया। मामले में चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने भादरा के राजकीय उप जिला चिकित्सालय में मृतक कांस्टेबल नरेशकुमार 35 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश महला निवासी ददरेवा जिला चूरू के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस थाना में मृतक कांस्टेबल नरेशकुमार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक संजीव कटेवा, भादरा थाना अधिकारी हनुमानाराम बिश्नोई के नेतृत्व में श्रद्धांजलि देकर विदाई दी। पुलिस थाना में शोक के माहौल में मृतक कांस्टेबल नरेशकुमार का शव उसके गांव ददरेवा के लिए रवाना किया गया। गांव ददरेवा में कांस्टेबल नरेश कुमार का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
इससे पहले हनुमानगढ़ जिले के नोहर कस्बे में भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। हादसा भद्रकाली बाइपास पर उस समय हुआ, जब एक एसयूवी और क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। क्रूजर गाड़ी में सवार लोग हरियाणा के बरढाना गांव से शोक संवेदना व्यक्त कर अपने गांव बुधवालिया लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एसयूवी कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में क्रूजर सवार तीन महिलाओं की जान चली गई।
Published on:
15 Jun 2026 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
