21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RE-NEET Exam: जयपुर में री-नीट एग्जाम के दौरान छात्रा के पास मिला मोबाइल, पुलिस ने हिरासत में लिया

Jaipur News: जयपुर के बिंदायका क्षेत्र में नीट री-एग्जाम के दौरान एक छात्रा के पास मोबाइल फोन मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर पुलिस और परीक्षा प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा जांच शुरू कर दी गई।

2 min read
Google source verification
RE-NEET Exam

सेंटर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका

जयपुर। बिंदायका थाना इलाके के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित नीट री-एग्जाम के दौरान एक छात्रा के पास मोबाइल फोन मिलने से हड़कंप मच गया। परीक्षा केंद्र पर कुल 240 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। जानकारी के अनुसार गुर्जर की थड़ी निवासी परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंची थी। शाम करीब 5 बजे ड्यूटी पर तैनात महिला वीक्षक को छात्रा की गतिविधियों पर संदेह हुआ। सख्ती से तलाशी लेने पर छात्रा के पास छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ सेंटर

मोबाइल मिलने की सूचना मिलते ही परीक्षा प्रशासन और पुलिस विभाग में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही बिंदायका थानाधिकारी विनोद कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रशांत किरण, अतिरिक्त डीसीपी राजेश गुप्ता, बगरू एसीपी दीपक खंडेलवाल और वैशाली नगर एसीपी अनिल शर्मा ने भी परीक्षा केंद्र का दौरा किया। बड़ी संख्या में पुलिस के जवान पहुंचे तो परीक्षा केंद्र पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

गहन जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाली छात्रा के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि मोबाइल फोन सुरक्षा घेरे को पार कर केंद्र के अंदर तक कैसे पहुंचा और क्या इसके पीछे किसी गिरोह या अन्य स्थानीय का हाथ है। पुलिस और परीक्षा प्रशासन मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहा है।

री-नीट : 91.66 फीसदी रही उपस्थिति

वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट यूजी) रविवार को जयपुर शहर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई। दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए शहर में 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 84 राजकीय और 19 निजी विद्यालय शामिल रहे। जयपुर जिले में कुल 37,128 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 34,031 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,097 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति 91.66 प्रतिशत दर्ज की गई।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल गांधी नगर, शहीद अभय कुमार पारीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, 3 और 4, पोद्दार स्कूल, महात्मा गांधी स्कूल आदर्श नगर, मिंट स्कूल, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल और आदर्श स्कूल सिंधी कॉलोनी सहित कई केंद्रों की भी निगरानी की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर व परीक्षा के नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि 24 मोबाइल ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों, एनटीए और चिकित्सा विभाग की टीमों के साथ लगातार मॉनिटरिंग की गई। पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग और पहचान जांच की व्यवस्था की गई। हर परीक्षा केंद्र पर सीआरपीएफ और पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए हल्के कपड़ों में आने के निर्देश दिए गए। एनटीए ने इस बार परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया।