झुंझुनू

महपालवास में पुस्तक व्यापारी को रात में चाकू दिखाकर पांच लाख रुपए लूटे, विरोध करने पर सिर फोड़ा

थाना इलाके के गांव महपालवास में बुधवार रात को कुछ बदमाशों ने एक पुस्तक व्यापारी की गाड़ी के आगे बाइक लगाकर तलाशी के नाम पर मारपीट कर चाकू की नोक पर पांच लाख रुपए लूट लेने का मामला सामने आया है।
2 min read
Feb 28, 2019
jhunjhunu news
महपालवास में पुस्तक व्यापारी को रात में चाकू दिखाकर पांच लाख रुपए लूटे, विरोध करने पर सिर फोड़ा


सूरजगढ़. थाना इलाके के गांव महपालवास में बुधवार रात को कुछ बदमाशों ने एक पुस्तक व्यापारी की गाड़ी के आगे बाइक लगाकर तलाशी के नाम पर मारपीट कर चाकू की नोक पर पांच लाख रुपए लूट लेने का मामला सामने आया है।
हादसे में व्यापारी के सिर, नाक व हाथ पर चोट आई। वहीं दूसरे साथी के आंख पर चोट लगी है। घटना से बचने के लिए एक ने खेत की फसल में छिपकर व दूसरे ने एक मकान में घुसकर शरण ली। बाद में परिजनों को सूचना दी। जिन्होंने मौके पर पहुंच पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पीडि़त चीमाकाबास निवासी ईश्वरसिंह शर्मा है, जो कि चिड़ावा में बुक्स डिलरशिप का काम करता है। वह अपने साथी आसलवास निवासी कृष्ण कुमार के साथ अपनी जीप से बुधवार को दादरी हरियाणा में एक डिस्टीब्यूटर को किताब देकर भुगतान के 5 लाख रुपए लेकर चिड़ावा आ रहा था। महपालवास में़ शराब ठेके के पास से दो लोग रोहताश जाट व डालसिंह निवासी महपालवास ने उनकी जीप का पीछा करते हुए महपालवास में आसलवास रोड पर बाइक आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। गाड़ी की चाबी निकाल कर जीप की तलाशी लेने की बात कही और नीचे उतार कर मारपीट करने लगे। बचाव करने लगे तो उन्होंने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। उनका पीछा किया तो वे एक मकान में घुस गए और बचाओ बचाओ की आवाज निकालने लगे। इसी बीच घर से लाठी व सरियों के साथ चार पांच लोग आए और वे भी उनको मारपीट करने लगे। घायल अवस्था में ही इसी बीच दोनों ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। रिपोर्ट में बताया है कि मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन भी तोड़कर ले गए। पुलिस ने मारपीट व लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इनका कहना है-
पीडि़त ने मारपीट कर पांच लाख रुपए लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-वीरेन्द्र सिंह, थानाधिकारी सूरजगढ़

Published on:
28 Feb 2019 11:20 pm