झुंझुनू

Jhunjhunu News: नकली ढक्कन–होलोग्राम बनाने की फैक्ट्री का खुलासा, श्रीगंगानगर रैकेट से जुड़े तार

Feature image

आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डूंडलोद कस्बे में नकली शराब को ब्रांडेड बताकर बेचने के लिए ढक्कन और होलोग्राम बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 26 हजार से अधिक नकली ढक्कन और 1800 होलोग्राम जब्त किए गए हैं। मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

कैसे हुआ खुलासा

आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि डूंडलोद गांव में मोहम्मद शरीफ पुत्र निजामुद्दीन के मकान में लंबे समय से अवैध शराब कारोबार से जुड़ा सामान तैयार किया जा रहा है। इसी सूचना पर आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात दबिश दी।

क्या-क्या मिला

  • देसी व अंग्रेजी शराब के 10 से ज्यादा नामी ब्रांडों केकरीब 26,000 नकली ढक्कन
  • 1800 नकली होलोग्राम
  • ढक्कन बनाने की मशीनें और अन्य उपकरण

श्रीगंगानगर रैकेट से कनेक्शन

आबकारी अधिकारियों के अनुसार हाल ही में श्रीगंगानगर में पकड़े गए बड़े नकली शराब रैकेट की जांच के दौरान डूंडलोद का लिंक सामने आया था। इसी इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

मिलावटी शराब को असली बताकर बेचने की तैयारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त नकली ढक्कन और होलोग्राम का इस्तेमाल मिलावटी शराब को असली बताकर बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था। जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन उस्मानी ने बताया कि यह कारोबार लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से चल रहा था।

दबिश की भनक लगते ही फरार

कार्रवाई के दौरान गांव में भीड़ जमा हो गई। मकान बड़ा होने के कारण आरोपी फरार हो गया। घर में उसकी पत्नी और छोटे बच्चे मौजूद थे।

आरोपी की तलाश तेज

आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई में आबकारी विभाग के साथ भारी पुलिस जाप्ता शामिल रहा। टीम में डीएसपी लक्ष्मी नारायण सैनी, सीआई नवलगढ़ यशवंत सिंह राठौड़, पीओ रमेश, पीओ ताराचंद जाखड़ सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

Updated on:
22 Jan 2026 01:00 pm
Published on:
22 Jan 2026 01:00 pm
Also Read
View All