ककराना में एक ज्वैलर का अपहरण कर उससे सात लाख नकद और बीस की लाख की ज्वैलरी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ज्वैलर का अपरहण कर ले गए और लूट व मारपीट कर एक खेत में पटक गए।
उदयपुरवाटी. (झुंझनूं)। ककराना में एक ज्वैलर का अपहरण कर उससे सात लाख नकद और बीस की लाख की ज्वैलरी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश ज्वैलर का अपरहण कर ले गए और लूट व मारपीट कर एक खेत में पटक गए। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पीड़ित ककराना निवासी संतोष कुमार सोनी ने थाने में रिपोर्ट दी कि वह सोमवार रात्रि आठ बजे दीपपुरा में अपनी ज्वैलरी की दुकान से बीस लाख रुपए की कीमत के सोने-चांदी के गहने और साढे पांच लाख रुपए नकद लेकर मोटरसाइकिल से गांव जा रहा था। रास्ते में एक ई-मित्र केन्द्र से डेढ लाख रुपए भी निकलवाकर बैग में रखे थे।
एक बोलेरो गाड़ी ने मोटरसाइकिल के टक्कर मार कर उसे गिरा दिया। गाड़ी में से तीन बदमाश हाथों में हथियार लेकर उतरे और उसे दबोच कर गाड़ी में डाल लिया। गाड़ी में उसके मुंह पर टेप चिपका दी। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने हथियार से उसके सिर पर चोट मारी। इससे वह बेसुध हो गया। होश में आया तो वह एक खेत में पड़ा हुआ था और हाथ पैर बंधे हुए थे।
सीआई गोपाल लाल ने बताया कि ज्वैलर से लूट की वारदात के बाद घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए लोगों से पूछताछ और सीसी टीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।