
झुंझुनूं. सांसद नरेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि केन्द्र अपने हिस्से की राशि भेज चुका, इसके बावजूद राज्य सरकार झुंझुनूं में जानबूझकर मेडिकल कॉलेज नहीं खोल रही।
पत्रकारवार्ता में सांसद ने आरोप लगाया कि जब जमीन तय हो गई, केन्द्र से मंजूरी मिल गई फिर सरकार मेडिकल कॉलेज क्यों नहीं खोल रही? इसी प्रकार जल जीवन मिशन में केन्द्र सरकार पचास फीसदी राशि भेज चुकी। लेकिन राज्य सरकार एक साल से इस राशि पर कुंडली मारे बैठी है। उसे केवल खुद की कुर्सी बचाने की चिंता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र के अगले मंत्रिमंडल विस्तार में शेखावाटी को भी जगह मिलेगी। मुम्बई वाली ट्रेन भी जल्द चलेगी। खुद की नाकामी छिपाने के लिए राज्य सरकार आरएसएस के पदाधिकारियों पर झूठे मुकदमे करवा रही है। जब बीवीजी कम्पनी के अधिकारी खुद कह रहे हैं कि लेनदेन की कोई बात नहीं हुई फिर राज्य सरकार किस आधार पर मुकदमा करवा रही है?
इंजेक्शन पंजाब भेजे
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया ने आरोप लगाया कि कोरोना की दूसरी लहर में केन्द्र सरकार ने रेमेडिसिवर इंजेक्शन राजस्थान में भेजे थे, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने यह इंजेक्शन पंजाब को भेज दिए। और आरोप झूठा लगाया कि केन्द्र इंजेक्शन नहीं भेज रहा। सूरजगढ़ से भाजपा विधायक सुभाष पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी बुहाना आए थे तब कहा कि सात दिन में किसानों का कर्जा माफ हो जाएगा, वह कर्जा आज तक माफ नहीं हुआ। अब खुद की विफलता छिपाने के लिए सरकार आरएसएस के पदाधिकारियों को बदनाम करना चाहती है।लेकिन उसका यह षडय़ंत्र भी विफल हो गया है। सरकार का पूरा ध्यान केवल खुद की कुर्सी बचाने पर है। जनता से उसे कोई मतलब नहीं है।
बेरोजगारी भत्ता बंद
जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले युवाओं का बेरोजगारी भत्ता बंद किया अब शुभ शक्ति योजना के रुपए नहीं दे रही है। इस दौरान जिला प्रवक्ता कमलकांत शर्मा व अतुल कुमार भी मौजूद रहे।