झुंझुनू

बेटे की हत्या में मां ही निकली मास्टरमाइंड: प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी संग दिया वारदात को अंजाम, 3 गिरफ्तार

झुंझुनूं जिले के बगड़ थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक की मां समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रेम प्रसंग के चलते मां ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर बेटे की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 2:29 PM IST
jhunjhunu-murder-case
Jhunjhunu Murder Case (Photo-AI)

झुंझुनूं। जिले के बगड़ थाना क्षेत्र के भड़ौंदा खुर्द स्थित काटली नदी में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक की मां समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते मां ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर बेटे की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मामले में एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।

बगड़ थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि केहरपुरा खुर्द निवासी राजू ने 13 नवंबर को रिपोर्ट दी थी कि उसका भांजा सुनील कुमार पुत्र हरिशंकर निवासी पोषाणा 11 नवंबर को घर से गाय लाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। तलाश के दौरान 16 नवंबर को भड़ौंदा खुर्द स्थित काटली नदी में सुनील का शव मिला। मामला हत्या का सामने आने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने कई जगहों पर दी दबिश

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने कालीपहाड़ी, भड़ौंदा खुर्द, झुंझुनूं, सोटवारा, मुकुंदगढ़, नवलगढ़, सीकर, जयपुर, अजमेर, पुष्कर और चूरू सहित कई स्थानों पर दबिश दी।

प्रेमी सहित चार के साथ मिलकर दिया हत्या को अंजाम

जांच में सामने आया कि हत्या में मृतक की मां सीमा भी शामिल थी। पुलिस के अनुसार मृतक की मां सीमा ने प्रेम प्रसंग के चलते गुलाब पुत्र रामधान (40) निवासी केहरपुरा, जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू पुत्र मानसिंह (30) निवासी कालीपहाड़ी और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीमा, गुलाब और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।

Updated on:
22 Nov 2026, 2:29 PM IST
Published on: