झुंझुनू

झोझू पुल के निकट सड़क पर डम्पर पलटा, दो घण्टे जाम

www.patrika.com/jhunjhunu-news/
2 min read
khetri news
khetri news

खेतड़ी. स्टेट हाइवे 13 खेतड़ी-नीमकाथाना सड़क मार्ग पर झोझू पुलिया के पास रविवार को प्रात: डस्ट से भरा एक डम्पर पलट गया। डम्पर पलटने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। सूचना पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची तथा छोटे वाहनों को रास्ता बना कर निकाला गया। परन्तु रास्ते में स्थान नहीं होने के कारण बड़े वाहन नहीं निकल सके। जिससे सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों की लम्बी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन व जेसीबी मशीन मंगवाई तथा डम्पर को हटवाया।
जिसमें दो घण्टे मशक्कत के बाद सुबह सात बजे बंद हुआ रास्ता 9 बजे पुन: शुरू किया गया। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दुर्घटना होते ही डम्पर चालक डम्पर छोड़ कर फरार हो गया।

खंडेला सड़क मार्ग पर घुमाव में वैन पलटी, आधा दर्जन घायल
चला. कस्बे के खंडेला सड़क मार्ग पर स्थित चौकड़ी नदी का खतरनाक घुमाव मौत को दावत दे रहा है जहां हर रोज कोई न कोई वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो रहा है। रविवार अल सुबह खाटूश्याम से चलकर नीमकाथाना की ओर जा एक वैन यहां के चौकड़ी नदी के इस खतरनाक घुमाव में अनियंत्रित होकर पलटी खा गई जिससे उसमें सवार आधा दर्जन महिला-पुरूष घायल हो गए। घायलों को नीमकाथाना के कपिल अस्पताल में भर्ती करवाया। 108 एम्बुलेंस कार्मिक सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि वैन में सवार खाटूश्याम निवासी दुर्गा देवी शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, पिंकी, रवि आदि आधा दर्जन घायल हो गए। चौकड़ी नदी का यह घुमाव सैकड़ों से अधिक हादसों को अंजाम दे चुका है तथा जिसको लेकर अनेक बार जनप्रतिनिधि और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है मगर लगता है इनको भी किसी बड़े हादसे का इंतजार है।

बस ने बुजुर्ग को कुचला, रास्ते में तोड़ा मौत
सीकर. तेज रफ्तार से आ रही स्लीपर बस ने मलकेड़ा के पास एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। घायल को देखकर भीड़ तैश में आ गई और उसने बस के आगे आकर उसको रुकवा लिया। इसके बाद घायल बुजुर्ग को अस्पताल भिजवाया गया। लेकिन, जयपुर रैफर के दौरान बाजौर के बाबू खां ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मामले को लेकर परिजनों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

Published on:
10 Dec 2018 12:01 pm