झुंझुनू

Rajasthan Sarpanch Election: सरपंच प्रत्याशी के ससुर और पूर्व सरपंच 80 वर्षीय लक्ष्मी नारायण सैनी की हत्या, जानिए चुनाव के दौरान कैसे भड़की हिंसा?

Jhunjhunu Election Violence: झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान खूनी संघर्ष। सरपंच प्रत्याशी सुमन सैनी के ससुर और पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की हत्या, 4 अन्य घायल।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 8:17 AM IST
Khetri Panchayat Election Violence Former Sarpanch Laxmi Narayan Saini Murdered Vijayanagar Jhunjhunu
मृतक लक्ष्मी नारायण सैनी

राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के अंतिम चरण के दौरान झुंझुनूं जिले के खेतड़ी उपखंड में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बबाई पंचायत समिति की विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में सरपंच प्रत्याशी सुमन सैनी के ससुर और पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी (80) की हत्या कर दी गई। इस हिंसक झड़प में चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज नीमकाथाना के राजकीय अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

कैसे भड़की हिंसा? बूथ से 200 मीटर दूर पांडाल पर बोला हमला

मिली जानकारी के अनुसार, विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान प्रक्रिया के दौरान यह वारदात हुई। मतदान बूथ से करीब 200 मीटर की दूरी पर बने एक पांडाल में सरपंच प्रत्याशी सुमन सैनी के समर्थक मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक वहां पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

उग्र भीड़ ने पांडाल में रखी कुर्सियां, टेबल और अन्य सामान तोड़ दिया। इस मारपीट में सरपंच प्रत्याशी के ससुर और पपुरना ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच रह चुके लक्ष्मी नारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में उन्हें पहले राजकीय चिकित्सालय बबाई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक के शव को राजकीय कपिल चिकित्सालय, नीमकाथाना की मोर्चरी में रखवाया गया है।

हमले में ये चार लोग हुए घायल

इस हिंसक झड़प में चार अन्य ग्रामीण मांगीलाल (75), बुगलाराम (52), बिरम (30), गोविंद (24) भी चोटिल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नीमकाथाना के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन का रुख: 'दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई'

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। हालांकि, देर रात तक इस संबंध में पुलिस थाने में आधिकारिक रूप से कोई मामला दर्ज नहीं हो पाया था।

"विजयनगर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रत्याशी के परिजन लक्ष्मी नारायण को घायल होने पर नीमकाथाना ले जाने की जानकारी मिली थी। राजकीय अस्पताल के चिकित्साधिकारी से बात करने पर उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस को निर्देशित किया गया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।"— डॉ. अरुण गर्ग, जिला कलक्टर, झुंझुनूं

Updated on:
17 Nov 2026, 8:17 AM IST
Published on: