Jhunjhunu News : सूरजगढ़ तहसील के डांगर गांव निवासी नेवी के 24 वर्षीय जवान सितेन्द्र सिंह सांखला की पार्थिव देह गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गई।
चिड़ावा (झुंझुनूं)। सूरजगढ़ तहसील के डांगर गांव निवासी नेवी के 24 वर्षीय जवान सितेन्द्र सिंह सांखला की पार्थिव देह गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। सितेन्द्र की मुंबई डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र में आग लगने से मौत हो गई थी।
सितेन्द्र का शव गुरुवार को जैसे ही गांव पहुंचा, वहां उनके घर में कोहराम मच गया। बाद में सैन्य सम्मान के साथ पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई मलेंद्रसिंह सांखला ने मुखाग्नि दी। जयपुर से पहुंची जाट रेजिमेंट की टुकड़ी और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल, एसपी राजर्षि राज, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इससे पहले गांव के युवाओं ने करीब नौ किलोमीटर लम्बी तिरंगा रैली निकाली। रैली सूरजगढ़ बाइपास से शुरू होकर चिड़ावा शहर से होते हुए डांगर पहुंची। इस दौरान शहीद सितेन्द्र के सम्मान में नारे लगाए गए।
गौरतलब है कि मुम्बई के नेवी डॉकयार्ड पर मेंटिनेंस के दौरान 21 जुलाई को युद्धपोत में आग लगी। इसके अगले दिन नेवी के अधिकारियों को दुर्घटना में सितेन्द्र के लापता होने की सूचना मिली। इस पर नेवी के गोताखोरों ने जवान की तलाश शुरू की। करीब 60 घंटे बाद बुधवार तड़के सितेन्द्र का शव समुद्र से निकाला गया।