झुंझुनू

इनका दर्द ना जाने कोय

नवलगढ़ उपखण्ड मुख्यालय के राजकीय अस्पताल में नहीं है महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक
2 min read
jhunjhunu
इनका दर्द ना जाने कोय





नवलगढ़. उपखण्ड मुख्यालय के सबसे बड़े राजकीय सामान्य चिकित्सालय का कद बढ़े वर्षों बीत गए लेकिन अभी तक इसमें महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं लगाया गया है। जिसका खामियाजा महिला रोगियों को उठाना पड़ रहा है। हालांकि अस्पताल में कार्यरत डॉ. निशी अग्रवाल महिला रोगियों का उपचार करते हैं लेकिन संकोचवश कई महिलाएं अस्पताल में उपचार के लिए नहीं पहुंच पाती है। महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने के कारण खासकर प्रसवकालीन महिलाओं को मजबूरी में निजी अस्पताल में जाना पड़ रहा है। इसके चलते उनको आर्थिक रूप से चपत लग रही है। जानकारी के अनुसार अस्पताल को वर्षों पूर्व क्रमोन्नत किया गया था। इसके बाद करोड़ों रुपए की लागत से इसका भव्य भवन भी बनवा दिया गया। लेकिन महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक का पद अभी भी खाली पड़ा हुआ है। इसको लेकर कई बार मांग भी उठ चुकी है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सोनोग्राफी मशीन भी नहीं
अस्पताल में सोनोग्राफी की मशीन भी नहीं है। जबकि सोनोलोजिस्ट अस्पताल में कार्यरत है। मशीन नहीं होने के कारण सोनोलोजिस्ट का रोगियों को कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा नहीं होने के कारण रोगियों को मजबूरी में यह जांच निजी क्लिनिकों पर करवानी पड़ रही है। जो रोगियों से सोनोग्राफी जांच का मनमर्जी का शुल्क वसूल कर रहे हैं।

ये रहता है आउटडोर
अस्पताल में प्रतिदिन करीब 700 से 800का आउटडोर रहता है। इनमें से 50 के करीब प्रसवकालीन महिला रोगी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचती है। यदि महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक का पद भर दिया जाता है तो महिला रोगियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

इनका कहना है
राजकीय सामान्य चिकित्सालय नवलगढ़ उपखण्ड मुख्यालय का सबसे बड़ा अस्पताल है। इसके बावजूद अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक का पद खाली पड़ा हुआ है। इसको भरा जाना चाहिए।
कनिका, गृहणी।

अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती है। अस्पताल क्रमोन्नत तो कर दिया गया लेकिन महिला महिला रोग विशेषज्ञ नहीं होने से महिलाओं को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है।
सुनीता, गृहणी।

एक महिला रोगी अपनी बीमारी के बारे में पूरी तरह से महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक को ही पूरी तरह से बता पाती है। इसलिए अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक लगाई जानी चाहिए। जनप्रतिनिधियों व उच्चाधिकारियों को इस समस्या का निराकरण करना चाहिए।
अंजू कुमारी, युवती।
............................................................................................
महिला रोगियों की इस समस्या का निराकरण किया जाना चाहिए। अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक लगाई जानी चाहिए। ताकि अस्पताल का महिला रोगियों को पूरी तरह से फायदा मिल सके।
पिंकी सैनी, युवती।

पीएमओ बोले
अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी तो खलती ही है। महिला रोग विशेषज्ञ का पद भरने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया हुआ है।
डॉ. नवल सैनी, पीएमओ, राजकीय सामान्य चिकित्सालय, नवलगढ़।